Site icon ISCPress

डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह और अफजाल अंसारी के सामने  पारस नाथ राय होंगे भाजपा उम्मीदवार

 डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह और अफजाल अंसारी के सामने  पारस नाथ राय होंगे भाजपा उम्मीदवार

यूपी की चर्चित सीटों में से एक मैनपुरी से भी भाजपा ने प्रत्याशी का एलान कर दिया है। भाजपा ने इस सीट से योगी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। उनका सीधा मुकाबला सपा सांसद और प्रत्याशी डिंपल यादव से होगा।

2022 के विधानसभा चुनाव में जयवीर ने मैनपुरी की सदर विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। वर्तमान में वह योगी सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की 10वीं लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में नौ प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। चंडीगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश की सात और पश्चिम बंगाल की एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।

प्रयागराज की दोनों सीटों पर भाजपा ने नए उम्मीदवारों को मौका दिया है। इलाहाबाद सीट से मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह इलाहाबाद सीट से नीरज त्रिपाठी को भाजपा ने टिकट दिया है। नीरज त्रिपाठी पूर्व राज्यपाल और यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे केशरी नाथ के पुत्र हैं।

इसके अलावा फूलपुर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद केसरी देवी पटेल का टिकट भी कट गया है। उनकी जगह प्रवीण पटेल को भाजपा ने मैदान में उतारा है। प्रवीण पटेल अभी फूलपुर सीट से विधायक हैं।

गाजीपुर सीट से स्वर्गीय मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी के सामने भाजपा ने पारस नाथ राय को उतारा है। अफजाल अंसारी मौजूदा सांसद हैं, इस बार उन्हें सपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

इसके अलावा, कौशांबी लोकसभा सीट से भाजपा ने एक बार फिर विनोद सोनकर पर भरोसा जताया है। भाजपा ने मौजूदा सांसद सोनकर को टिकट दिया है। इसके अलावा मछलीशहर से बीडी सोनकर को टिकट दिया है।

Exit mobile version