Site icon ISCPress

नव्य अयोध्या और इसका दीपोत्सव पूरे भारत की पहचान बन गई है: सीएम योगी

नव्य अयोध्या और इसका दीपोत्सव पूरे भारत की पहचान बन गई है: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव, जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दीपावली मनाई। यह लगातार नौवां वर्ष था जब उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए वनटांगियों के बीच दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि अयोध्या आज समृद्धि और सुशासन का प्रतीक बन चुकी है, जो अब बांटती नहीं बल्कि सबको जोड़ती है।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में अब विकास और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम दिख रहा है — यहां एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि, भोजनालय माता शबरी और प्रमुख चौराहा लता मंगेशकर के नाम पर हैं। श्रीराम मंदिर परिसर में वाल्मीकि, विश्वमित्र और दक्षिण भारत के संतों की मूर्तियां स्थापित की गई हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है, जहां सूर्य की ऊर्जा से बिजली दी जा रही है।

सीएम योगी ने कहा कि दीपोत्सव समाज में उत्साह और एकता का प्रतीक है। जीवन में अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, जिससे उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने लोगों को स्वदेशी अपनाने की प्रेरणा दी और कहा कि “हमारी समृद्धि में स्वदेशी की झलक होनी चाहिए।”

उन्होंने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने अयोध्या को अपमानित किया था और कांग्रेस सरकारों ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने की कोशिश की। सपा शासन में रामभक्तों पर अत्याचार हुए, लेकिन आज वही अयोध्या दिव्य और नव्य रूप में विश्व का आकर्षण बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले वनटांगिया गांवों में सड़क, बिजली, स्कूल, मकान जैसी सुविधाओं का घोर अभाव था, लेकिन अब हर घर में पक्का मकान, आंगनबाड़ी, बिजली-पानी और राशन-आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं हैं। महिलाएं एफपीओ के जरिए खेती कर आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि वनवासी, गिरिवासी, जनजाति और वंचित समाज के हर व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे। सरकार मुसहर, थारू, कोल, सहरिया, चेरो और बुक्सा समुदायों को गरीबी की रेखा से बाहर लाकर समृद्धि के मार्ग पर ले जाने के लिए कार्य कर रही है।

Exit mobile version