ISCPress

भाजपा की दूसरी सूची मे, गडकरी, खट्टर,गोयल सहित 72 उम्मीदवारों के नामों का एलान

भाजपा की दूसरी सूची मे, गडकरी, खट्टर,गोयल सहित 72 उम्मीदवारों के नामों का एलान

भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें हिमाचल के हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को टिकट दिया गया है। इसके अलावा नॉर्थ मुंबई से लिस्ट में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और नागपुर से नितिन गडकरी का नाम है। लिस्ट में हरियाणा के निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टटर का भी नाम है जो करनाल सीट से चुनाव लड़ेंगे।

बीजेपी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए 72 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की है। इसमें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का नाम भी शामिल है। उन्होंने कुछ दिन पहले ही हरियाणा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया है और बुधवार को विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्हें करनाल लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। वहीं भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी को नागपुर से टिकट दिया गया है।

भाजपा की दूसरी सूची घोषित होने से एक दिन पहले, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने नितिन गडकरी से कहा था कि अगर उनका अपमान किया जा रहा है तो वे भाजपा छोड़ दें। ठाकरे ने कहा था कि महाविकास अघाड़ी लोकसभा चुनाव में गडकरी की जीत सुनिश्चित करेगी। गडकरी ने जवाब देते हुए कहा था कि उद्धव ठाकरे का प्रस्ताव अपरिपक्व और हास्यास्पद था।

हरियाणा से मनोहर लाल खट्टर को टिकट देकर बीजेपी ने साफ कर दिया है कि 400 सीट का लक्ष्य हासिल करने के लिए पार्टी पूरा दम लगा रही है। इसके अलावा भी कई बड़े नेताओं का नाम दूसरी सूची में शामिल है। हालांकि, कई बड़े नेताओं का टिकट भी काटा गया है। दिल्ली से गौतम गंभीर ने पहले ही सोशल मीडिया पर ऐलान कर दिया था कि वह चुनाव में कोई जिम्मेदारी नहीं चाहते हैं। उनके साथ हंसराज हंस का टिकट भी काट दिया गया है।

भाजपा के उम्मीदवारों की दूसरी सूची में अन्य प्रमुख नामों में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी (धारवाड़) भी शामिल हैं। दिल्ली की दो सीटों, गुजरात की सात सीटों, हरियाणा की छह सीटों, हिमाचल प्रदेश की दो सीटों, कर्नाटक की 20 सीटों, मध्य प्रदेश की 5 सीटों, महाराष्ट्र की 20 सीटों, तेलंगाना की 6 सीटों, त्रिपुरा में 1 सीट और उत्तराखंड में 2 सीटें के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई है।

कर्नाटक में पार्टी करीब 10 नए चेहरों को मैदान में उतार रही है। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी धारवाड़ से चुनाव लड़ेंगे जबकि पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र शिमोगा से चुनाव लड़ेंगे।

Exit mobile version