Site icon ISCPress

कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने वाले कई नेता अब पछता रहे होंगे: राहुल गांधी

कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने वाले कई नेता अब पछता रहे होंगे: राहुल गांधी

चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सेवा दल, युवा कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ताओं के साथ चाय पार्टी का आयोजन किया। इस बैठक में BJP के खिलाफ लड़ाई, कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टियों में शामिल होने वाले नेताओं, विपक्षी एकता और पार्टी के भीतर धैर्य बनाए रखने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

चाय पार्टी के दौरान कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने वाले नेताओं का मुद्दा भी उठा। सूत्रों के मुताबिक़, राहुल गांधी ने ऐसे नेताओं पर तंज़ कसते हुए कहा कि कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने वाले कई नेता अब पछता रहे होंगे। वे भी बदलते हुए राजनीतिक माहौल को देख रहे हैं।

न्यूज़ पोर्टल ‘ABP’ पर प्रकाशित खबर के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में राहुल गांधी से कहा कि वे नेता उनके ‘बेहतरीन दोस्त’ भी थे। खड़गे की इस टिप्पणी पर राहुल गांधी मुस्कुराए और जवाब दिया कि राजनीति में ऐसे कोई दोस्त नहीं होते। हल्की-फुल्की बातचीत के बीच राजनीतिक रिश्तों और पार्टी बदलने वाले नेताओं को लेकर एक संदेश देने की कोशिश की गई।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विपक्षी एकता और BJP के ख़िलाफ़ राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा हुई। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता शरद पवार का भी जिक्र किया गया। राहुल गांधी ने कहा कि, अगर BJP का मुक़ाबला करना है, तो इन नेताओं को कांग्रेस के साथ मिलकर काम करना होगा।

बैठक के दौरान मायावती को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियों की भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, BJP मायावती पर सीधे हमला करने से बचती है। इस चर्चा को विपक्षी दलों के बीच बेहतर तालमेल और BJP के ख़िलाफ़ साझा राजनीतिक रणनीति बनाने की जरूरत से जोड़कर देखा जा रहा है।

बैठक के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के राजनीतिक सफर का भी जिक्र किया। सूत्रों के मुताबिक़, खड़गे दो बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने निराश होकर हार नहीं मानी। राहुल गांधी ने कहा कि, खड़गे कांग्रेस के लिए लगातार काम करते रहे और आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

Exit mobile version