ISCPress

मध्य प्रदेश के रीवां ज़िले में दो महिलाओं को जिन्दा ज़मीन दफ़नाने से देश भर में हड़कंप

मध्य प्रदेश के रीवां ज़िले में दो महिलाओं को जिन्दा ज़मीन दफ़नाने से देश भर में हड़कंप

मध्य प्रदेश: रीवा में महिलाओं को मुरम डालकर जिंदा दबाने का मामला सामने आने के बाद देशभर में हड़कंप मच गया है। दरअसल, रीवा जिले में दबंगों द्वारा महिलाओं को मुरम डालकर जिंदा दबाने की कोशिश की गई। वारदात से जुड़ा वीडियो भी वायरल है। वायरल वीडियो में दो महिलाओं को कुछ दबंग जिन्दा दफनाने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हिनौता गांव में दो महिलाएं गांव में निजी जमीन पर कथित तौर पर जबरिया बनाई जा रही सड़क का विरोध कर रहीं थीं। सड़क बनाने के लिए मोरंग बिछाई जा रही थी।

विरोध करती महिलाओं के ऊपर ही मोरंग का डंपर पलट दिया गया। मोरंग में एक महिला पूरी तरह से दब गई, जबकि दूसरी महिला का धड़ दब गया। चीख-पुकार और ग्रामीणों की भीड़ को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिलाओं को निकाला। तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कहा जा रहा है कि यदि थोड़ी सी भी देर होती तो पूरी तरह से दबी महिला की जान चली जाती।

इस अमानवीय घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब कांग्रेस भी इस मामले को लेकर हमलावर हो गई है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, पूर्व सीएम कमलनाथ ने सीएम मोहन यादव को घेरा है। वहीं इस मामले में अब पुलिस ने 3 आरोपियों के ऊपर मुकदमा दर्ज किया है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ ने घटना को शर्मनाक बताते हुए जांच की मांग की है, और इस घटना को लेकर मोहन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए जांच और न्याय की मांग की है। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इसे लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है।

जानकारी के मुताबिक ये जमीन पीड़िता ममता पाण्डेय पति जीवेश कुमार पाण्डेय, आशा पाण्डेय पति शिवेष कुमार पाण्डेय ग्राम हिनौता कोठार पोस्ट जोरौट की है। इसी जमीन पर जबरन मुरम डाल कर नई सड़क बनाई जा रही थी। पीड़िता ने बताया कि एक जेसीबी और दो हाईबा जिनके मालिक राजेश सिंह निवासी ग्राम मढी मर्जादपुर द्वारा सड़क बनाने के लिए मुरम डालने का काम शुरु किया। मना करने पर दर्जन भर से ज्यादा लोग जिसमें गौकरण प्रसाद पाण्डेय, महेन्द्र प्रसाद पाण्डेय सहित अन्य महिला पुरुष ने मिलकर मारपीट की और डम्फर भर मुरम डालकर उन्हें जिंदा दफन करने की कोशिश की।

गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और दोनों महिलाओं को मुरम के ढ़ेर से बाहर निकाला। दोनों महिलाओं को गंगेव स्वस्थ केंद्र में भर्ती कराया है। जहां पर उनका उपचार जारी है। वहीं इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Exit mobile version