केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को नई गति मिली है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को केरल दौरे के दौरान राज्य को कई अहम विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, साथ ही नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को नई गति मिली है और लोगों में विकास को लेकर नई जागरूकता पैदा हुई है।
परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन केंद्र सरकार के प्रयासों से प्रेरित केरल के विकास में एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रेल संपर्क को और मजबूत किया गया है और ये परियोजनाएं तिरुवनंतपुरम को देश के प्रमुख केंद्रों में शामिल करने में मदद करेंगी। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित केरल के लिए बीजेपी को बहुमत देना होगा। उन्होंने कांग्रेस और वाम दल को भ्रष्टाचार के मोर्चे पर कठघरे में खड़ा किया।
ट्रेन सेवाओं की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और एक त्रिशूर-गुरुवायूर यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई ट्रेन सेवाओं से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच क्षेत्रीय रेल संपर्क और मजबूत होगा।
नवोन्मेष और तकनीक को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने यहां सीएसआईआर-एनआईआईएसटी नवोन्मेष, प्रौद्योगिकी और उद्यम केंद्र की आधारशिला रखी। इसके साथ ही उन्होंने ‘पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड’ की शुरुआत की, जो यूपीआई से जुड़ी ब्याज-मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा है।
पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को मदद
मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत कई लाभार्थियों को ऋण राशि और क्रेडिट कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केरल समेत पूरे देश के गरीब और जरूरतमंद लोगों का कल्याण करना है।
स्वास्थ्य और डाक सेवाओं में भी विस्तार
प्रधानमंत्री ने श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में अत्याधुनिक रेडियो सर्जरी केंद्र की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने नए पूजप्पुरा मुख्य डाकखाने का भी उद्घाटन किया।

