जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन: सीजेपी के तीनों नेता और ध्रुव राठी रिहा
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार सुबह हिरासत से रिहा कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी शनिवार को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था। उन्हें देर रात रिहा कर दिया गया।
अभिजीत दीपके और उनके दो साथियों को रविवार को दिल्ली कैंट पुलिस थाने में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उनकी रिहाई का आदेश दिया गया। तीनों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान उतरने के कुछ ही देर बाद उसी विमान के अंदर से हिरासत में लिया गया था। वहीं, ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था।
आज भी विरोध प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने रविवार को एक बार फिर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी की योजना है कि वह जंतर-मंतर लौटकर अपनी मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रखेगी।
इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम बरकरार रहेंगे। करीब 30 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियों को तैनात किया गया है। संसद मार्ग और जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेड लगाकर आवाजाही पर लगाई गई पाबंदियां भी जारी रहेंगी।
गौरतलब है कि शनिवार को विरोध प्रदर्शन के आह्वान के बाद राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर सुरक्षा प्रतिबंध लगाए गए थे। ख़बरों के मुताबिक़, शनिवार शाम 7 बजे तक क़रीब 6 हज़ार लोगों को हिरासत में लिया जा चुका था, जबकि प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोक दिया गया था।

