ISCPress

बीजेपी को साम्प्रदायिक पार्टी बताने वाले जगदीश शेट्टार भाजपा में वापस लौटे

बीजेपी को साम्प्रदायिक पार्टी बताने वाले जगदीश शेट्टार भाजपा में वापस लौटे

पिछले साल कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल होने वाले कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार फिर से बीजेपी में लौट आए हैं। राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लिंगायत समुदाय से आने वाले शेट्टर ने विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर भाजपा छोड़ दी थी।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद शेट्टार ने कहा था कि उन्होंने बीजेपी को अलविदा कह दिया है। उन्होंने कहा था, ‘मैं कांग्रेस की धर्मनिरपेक्ष नीतियों में विश्वास करता हूं। मुझे बीजेपी को साम्प्रदायिक बताने में कोई शर्म नहीं है।’

जगदीश शेट्टार ने कहा था कि उनको टिकट नहीं देने से बीजेपी को कम से कम 20 से 25 सीटों का नुकसान हो सकता है। जब नतीजे आए तो चुनाव बीजेपी हार गई थी।

लेकिन अब लोकसभा चुनाव से पहले हालात बदल गए हैं। बीजेपी सीटें जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। चुनाव से ऐन पहले फिर से जगदीश शेट्टार गुरुवार को भाजपा में लौट आए।

बीजेपी में शामिल होने से पहले जगदीश शेट्टार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। 68 वर्षीय शेट्टार कर्नाटक विधानसभा चुनाव से एक पखवाड़ा पहले कांग्रेस में यह कहते हुए शामिल हो गए थे कि बीजेपी द्वारा उनके साथ बुरा व्यवहार किया गया।

तब शेट्टर को राज्य चुनाव लड़ने के लिए टिकट देने से इनकार कर दिया गया था। कांग्रेस में शामिल होने पर उन्हें हुबली-धारवाड़ सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा गया, लेकिन उन्हें बड़ी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें भाजपा के महेश तेंगिनाकाई ने 34,000 से अधिक वोटों से हराया। इसके बाद उन्होंने ‘धन शक्ति और दबाव की रणनीति’ को जिम्मेदार ठहराया था।

Exit mobile version