यह बिहार को सही दिशा में ले जाने का समय है: प्रियंका गांधी
बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को बेगूसराय के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार शिव प्रकाश गरीब दास के पक्ष में वोट देने की अपील की और राज्य तथा केंद्र सरकार पर कड़ी आलोचना की।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार में पिछले 20 सालों से एनडीए की सरकार है। इस सरकार ने केवल जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटा है। चुनाव से पहले लोगों का ध्यान भटकाने के लिए दस हजार रुपए की रेवड़ियां बांटी गईं। अब समय आ गया है कि बिहार को सही दिशा में ले जाया जाए। एनडीए सिर्फ झूठे वादे करती है। क्या आपने कभी सोचा है कि इतनी महंगाई में लोग कैसे जी रहे हैं?
उन्होंने कहा कि, हालात ऐसे बना दिए गए हैं कि खेती-बाड़ी से भी गुजारा नहीं हो सकता। पूरे देश में बेरोजगारी अपने चरम पर है। प्रियंका गांधी ने भाजपा और एनडीए पर आरोप लगाया कि ये लोग बिहार को बर्बाद करना चाहते हैं। यहां से पलायन रुक नहीं रहा है। एनडीए सरकार में जो कुछ भी होता है, वह अडानी या अंबानी के लिए होता है।प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में लोगों की जानें सुरक्षित थीं। लोगों को नौकरी मिलती थी और नौकरी के बाद पेंशन भी मिलती थी। आज क्या हाल है?
नौकरियों का निजीकरण कर दिया गया है। ठेके पर भर्तियां हो रही हैं। बड़ी-बड़ी सरकारी कंपनियों को निजी हाथों में बेच दिया गया है। चुनाव के दौरान खुलेआम लोगों को गोलियां मारी जा रही हैं। मोदी जी कहते हैं कि, डबल इंजन की सरकार में सब ठीक है, लेकिन मैं कहती हूं कि बिहार में कुछ भी ठीक नहीं है। आपकी कोई नहीं सुनता। यहां तक कि नीतीश कुमार की भी कुछ नहीं चलती, सब कुछ केंद्र में बैठे एक व्यक्ति के हाथ में है। आज जो स्थिति है, अगर अब भी जागे नहीं तो आपकी किस्मत नहीं बदलेगी। मोदी जी ने जो हालात बना दिए हैं, उनसे निकलने का एक ही रास्ता है—सरकार बदलनी होगी।
उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी ही एकमात्र नेता हैं जो आज भी सामाजिक न्याय और सद्भावना की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों और पिछड़े वर्गों की बात करने वाली सरकार में आज भी पिछड़े, अत्यंत पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को उनके अधिकारों से वंचित रखा गया है। कांग्रेस सामाजिक न्याय के लिए जाति आधारित जनगणना चाहती है। कभी बिहार के आईएएस और आईपीएस अधिकारी देशभर में सम्मानित थे, लेकिन आज देश के किसी भी कोने में जाइए, आपको बिहार के मजदूर जरूर मिलेंगे।
मौसम में बदलाव की वजह से प्रियंका गांधी का हेलिकॉप्टर पटना से उड़ान नहीं भर सका, इसलिए वे सड़क मार्ग से बेगूसराय पहुंचीं। सभा में बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की यह धरती बहुत पवित्र है। इसी धरती से महात्मा गांधी ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ अपना सत्याग्रह शुरू किया था। इस भूमि ने देश को बहुत कुछ दिया है। आजादी दिलाई, बड़े-बड़े नेता और लेखक दिए। यहां के लोगों ने देश की निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लेकिन यहां की मौजूदा स्थिति देखकर हर भारतीय के मन में सवाल उठता है कि इतनी महान धरती होने के बावजूद इसका सही विकास क्यों नहीं हो रहा है, यहां के लोगों को आगे बढ़ाने का काम क्यों नहीं हो रहा है?
प्रियंका गांधी के अनुसार, जो लड़ाई बिहार से शुरू हुई थी—वह लड़ाई महात्मा गांधी ने शुरू की थी—वह हमारे संविधान की लड़ाई थी। उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि संविधान ने हमें क्या दिया: आज़ादी, आत्मविश्वास और समानता पर आधारित अधिकार। उन्होंने लोगों से पूछा कि संविधान ने हमें जो अधिकार दिए, उनमें सबसे बड़ा अधिकार कौन-सा है? और खुद ही जवाब दिया—आपका वोट!
उन्होंने कहा कि इसी वोट के अधिकार को नरेंद्र मोदी और भाजपा की सरकार कमजोर करना चाहती है, इसलिए सबको मिलकर इस सरकार को बदलना जरूरी है।

