इंडिगो संकट: देशभर में आज भी इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें कैंसिल
देश के कई हिस्सों में आज भी इंडिगो की सैकड़ों उड़ानों के कैंसिल होने से यात्री परेशान हैं। कैंसिलेशन की वजह से देश के कई बड़े हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुबह से लगातार उड़ानों के रद्द होने की खबरें आ रहीं हैं। ज्यादातर स्थानों पर यात्री बिना किसी स्पष्ट विकल्प के फंस गए। कुछ जगहों पर एयरलाइन के काउंटर बंद दिखे, कहीं वैकल्पिक फ्लाइट्स बेहद महंगी थीं और कहीं उड़ानों की स्थिति को लेकर यात्रियों को आखिरी क्षण तक इंतजार करना पड़ा। बिगड़े हालात में रेलवे को भी हस्तक्षेप करना पड़ा और विशेष ट्रेनें चलाने के साथ कई एयरपोर्टों पर हेल्पडेस्क स्थापित किए गए।
गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रविवार सुबह यात्री परेशान दिखे। इंडिगो की उड़ानें ठप पड़ जाने का असर बड़े पैमाने पर पड़ा है। कोलकाता निवासी यात्री अर्नव ने ANI से बात करते हुए कहा, “मेरी फ्लाइट आज कैंसिल हो गई। इसकी जानकारी मुझे कल शाम ही मिल गई थी। आज सुबह 7:20 बजे कोलकाता की फ्लाइट थी। यहां यह देखने आया हूं कि दूसरी फ्लाइट्स मिल सकती हैं या नहीं। इंडिगो के ऑपरेशंस लगभग बंद हैं। अगर एयर इंडिया, अकासा जैसे काउंटर पर जाता हूं तो उनकी फ्लाइट्स बहुत कम हैं और किराया काफी ज्यादा है। अफोर्डेबल नहीं है। मुझे कल की फ्लाइट मिली है। अब मैं यहां रुकने की व्यवस्था देख रहा हूं। थोड़ा मुश्किल हो रहा है। ऑफिस में भी छुट्टी लेनी पड़ी। कई यात्री इसी तरह की परेशानी झेल रहे हैं।”
त्रिची एयरपोर्ट: सुबह तक 11 फ्लाइट रद्द
तमिलनाडु के त्रिची एयरपोर्ट ने बताया कि 7 दिसंबर को निर्धारित इंडिगो उड़ानों में से 5 घरेलू आगमन और 6 घरेलू प्रस्थान उड़ानें रद्द हुईं। इससे अंतर-राज्यीय यात्राएं प्रभावित रहीं और यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा विकल्प तलाशने पड़े।
केरल: तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर यात्रियों में असमंजस
केरल की राजधानी में सुबह उड़ानें समय पर होंगी या नहीं, इसे लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर खड़ी मुंबई जाने वाली यात्री प्रविता हरी ने कहा, “मेरी फ्लाइट का डिपार्चर टाइम 9:50 बजे है। मैं मुंबई जा रही हूं इंडिगो से। सुबह 3 बजे वेब चेक-इन का मैसेज आया। अब मुझे यह चेक करना है कि मेरी फ्लाइट वास्तव में उड़ान भरेगी भी या नहीं।”
हैदराबाद में सबसे ज्यादा असर: 115 उड़ानें रद्द
तेलंगाना के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (RGIA) ने दोपहर तक की जानकारी में बताया कि रविवार को इंडिगो की 54 आने वाली और 61 जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं। यह इस कैंसिलेशन संकट का सबसे बड़ा प्रभावित केंद्र रहा, जहां हजारों यात्री पूरी तरह ठहर गए।
मुंबई में भी यात्री परेशान
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी यात्री काफी परेशान दिखे। कोलकाता के लिए वापसी उड़ान रद्द होने के बाद सौरव रॉय ने कहा, “मैं यहां कोलकाता से आया था, लेकिन अब मेरी वापसी की फ्लाइट कैंसिल हो गई है। मुंबई आकर बहुत परेशान हो गया हूं। इंडिगो हमें क्या समाधान देगा? इंडिगो एक संगठन के तौर पर बहुत खराब परफॉर्म कर रहा है।”

