ISCPress

‘हलाल’ मीट खाकर धर्म भ्रष्ट न करें हिन्दू: गिरिराज सिंह

‘हलाल’ मीट खाकर धर्म भ्रष्ट न करें हिन्दू: गिरिराज सिंह

बेगूसराय के बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने हिंदुओं से अपील की कि जो भी हिंदू मीट खाते हैं वो झटका मीट खाएं। मंत्री ने कहा कि वो खुद भी झटका मीट खाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इन दिनों मंदिरों में बलि प्रथा पर रोक लगाने की साजिश की जा रही है, जबकि ये बलि प्रथा हिंदू धर्म का अहम हिस्सा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अपने तीखे बयानों से हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। वो अक्सर विवादित बयानबाजी करते रहते हैं, एक बार फिर से उन्होंने हलाल मामले पर बड़ा बयान दिया है। भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने मांस खाने वाले हिंदुओं से केवल ‘झटका’ यानी ब्लेड के एक वार से मारे गए जानवरों का मांस खाने का आग्रह किया।

गिरिराज सिंह ने अपने बेगुसराय संसदीय क्षेत्र में अपने समर्थकों को यह प्रतिज्ञा दिलाई कि वे अब से हलाल मांस खाकर अपना ‘धर्म’ नहीं बिगाड़ेंगे। पत्रकारों से रविवार को बेगुसराय में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं उन मुसलमानों की प्रशंसा करता हूं जो केवल हलाल मांस ही खाते हैं। अब हिंदुओं को अपनी धार्मिक परंपराओं के प्रति इसी तरह की प्रतिबद्धता प्रदर्शित करनी चाहिए।”

इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने कुर्बानी पर भी सवाल उठाए। मंत्री ने कहा कि अगर हिंदू के द्वारा दी जा रही बली अगर बली है तो फिर मुसलमान जो बकरों की कुर्बानी करते हैं, तो उस पर भी रोक लगनी चाहिए। सरकार को इस पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने बिहार की नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट की राजनीति करने वाली सरकार ऐसा नहीं कर सकती।

उन्होंने एक नए बिजनेस मॉडल की जरूरत पर भी जोर दिया जिसमें बूचड़खाने और केवल झटका मांस बेचने वाली दुकानें ही होंगी। हालांकि अभी हर शहर में नगर निगम, नगर पालिका या ग्राम पंचायत के लाइसेंस के आधार पर दुकानें चलती हैं। भारत में भाजपा शासित राज्यों में मांस की बिक्री को लेकर कई सारे प्रतिबंध भी लागू हैं। कई बार भैंस के मांस को बीफ बताकर दुकानदारों पर कार्रवाई की जाती है। इसमें गोरक्षक समूह पुलिस को इस तरह की सूचना देते हैं।

उन्होंने सड़क किनारे मीट काटने पर भी ऐतराज जताया। मंत्री ने कहा कि सड़क किनारे मीट काटने से आसपास गंदगी फैलती है इससे साफ सफाई पर भी असर पड़ता है। ऐसे में सड़क किनारे खुले में मीट काटने पर बैन लगाना चाहिए। बता दें कि ये कोई पहला मौका नहीं है जब गिरिराज सिंह ने हलाल मामले पर बयान दिया है इससे पहले भी वो कई सवाल उठा चुके। कुछ दिन पहने उन्होंने हलाल सामान को बैन करने की मांग की थी।

Exit mobile version