ISCPress

यूक्रेन में भारत सरकार शुरू करेगी “मिशन गंगा”

यूक्रेन में भारत सरकार शुरू करेगी “मिशन गंगा”

रूस यूक्रेन जंग के बीच रूसी सेना ने यूक्रेन पर शिकंजा कस दिया है। रूसी सेना ने राजधानी कीव के चारों ओर घेरा डाल दिया है ऐसे में भारत सरकार ने यूक्रेन में फंसे अपने लोगों की वापसी का अभियान तेज कर दिया है।

यूक्रेन से भारतीय लोगो की वापसी के बारे में जानकारी देते हुए विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला ने कहा है कि यूक्रेन में फंसे हजारों नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार बहुआयामी ऑपरेशन गंगा शुरू कर चुकी है। सरकारी खर्च पर यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों को सरकार वापस लाएगी।

हर्षवर्धन ने कहा कि यूक्रेन से लगभग 1000 भारतीय नागरिकों को रोमानिया और हंगरी के रास्ते निकाला जा चुका है। वहीँ 1000 अन्य को जमीनी रास्ते से यूक्रेन से निकाल दिया गया है। हर्षवर्धन ने कहा कि भारतीय दूतावास की ओर से जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार संघर्ष शुरू होने से पहले ही हमारे 4000 नागरिक यूक्रेन से निकल चुके हैं अनुमान लगाया जा रहा है कि अभी यूक्रेन में 15000 भारतीय नागरिक मौजूद हैं।

पोलैंड बॉर्डर पर लाखों की संख्या में यूक्रेन एवं अन्य देशों के लोगों के पहुंचने के कारण वहां समस्या का सामना करना पड़ रहा है अतः रोमानिया और हंगरी के रास्ते भारतीय नागरिकों की वापसी सुनिश्चित की जा रही है। रूस की सीमा के पास स्थित यूक्रेन के इलाकों में रह रहे भारतीयों के बारे में बात करते हुए हर्षवर्धन ने कहा कि मास्को में भारतीय दूतावास से टीम इस क्षेत्र के लिए गई है और ट्रांसपोर्ट तथा भारतीय नागरिकों के रहने एवं खाने का इंतजाम के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अभी इस क्षेत्र में संघर्ष हो रहा है जैसे ही संभव होगा हम इस क्षेत्र से भारतीयों को निकाल पाएंगे।

विदेश सचिव ने कहा कि आज हमने रूस और यूक्रेन दोनों देशों के राजदूतों से बातचीत करते हुए भारतीय लोगों को निकालने में उनसे समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि हमने रूस और यूक्रेन के राजदूतों से अलग-अलग समय पर मुलाकात करते हुए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा संबंधित अपनी चिंताओं से अवगत कराया। हमने उन्हें उन स्थानों के बारे में बताया जहां भारतीय नागरिक केंद्रित है।

विदेश सचिव हर्षवर्धन ने यूक्रेन के पड़ोसी देशों के रास्ते भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत फ्लाइट्स संचालित करने की जानकारी दी है। याद रहे कि रूस यूक्रेन संघर्ष के बीच रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे बड़े शहर खारकीव में प्रवेश कर लिया है। रूसी सेना दक्षिणी यूक्रेन में स्थित रणनीतिक बंदरगाहों को भी अपने नियंत्रण में लेने का प्रयास कर रही है।

यूक्रेन की जनता देश छोड़कर पड़ोसी देशों में शरण ले रही है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के अनुसार अब तक 368000 लोग आसपास के देशों में शरण ले चुके हैं। कहा जा रहा है कि अकेले पोलैंड, हंगरी और रोमानिया में 150000 से अधिक यूक्रेनी नागरिक पहुंचे हुए हैं। पोलैंड यूक्रेन क्रॉसिंग पर 14 किलोमीटर दूर दूर तक लंबी लाइन नजर आ रही है।

Exit mobile version