अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर फ्लाइट रवाना
अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले भारतीयों को लेकर पहली फ्लाइट भारत के लिए रवाना हो गई है। अमेरिकी सेना का C-17 विमान भारतीय नागरिकों को लेकर वापस आ रहा है। एक अधिकारी ने कहा कि, सी-17 विमान अवैध प्रवासियों को लेकर भारत के लिए रवाना हुआ है। वो 24 घंटे बाद ही पहुंचेगा। भारत सरकार ने अवैध आप्रवासन के मुद्दे पर अमेरिका के साथ सहयोग करने की बात कही है। राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत के दौरान भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई।
वॉइट हाउस में ट्रंप की वापसी के बाद से चलाई गई कई निर्वासन फ्लाइट में यह भारत के लिए पहली उड़ान है। इसके पहले अमेरिका ने ग्वाटेमाला, होंडुरास और पेरू के लिए निर्वासन उड़ानें चलाई हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने वापसी के बाद अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त सामूहिक निर्वासन अभियान शुरू किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे कम से कम 18,000 नागरिकों को वापस लेने पर सहमत हो गया है। यह उड़ान उसी का हिस्सा है।
समााचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि भारत के लिए प्रवासियों को लेकर जाने वाली पहली फ्लाइट रवाना हो गई है। भारतीयों को सी-17 अमेरिकी सैन्य विमान में बिठाकर वापस भेजा रहा है। बताया जा रहा है कि, अमेरिका से आ रही डिपोर्टेशन फ्लाइट में 205 भारतीय नागरिक सवार हैं। फ्लाइट ने अमेरिका के टेक्सास से उड़ान भरी है और 24 घंटे बाद भारत पहुंचने की उम्मीद है।
निर्वासन प्रक्रिया को दिल्ली की भागीदारी के साथ किया जा रहा है। निर्वासन उड़ान में सवार हर भारतीय नागरिक का सत्यापन किया गया है। अवैध प्रवासियों को भारत वापस भेजना ऐसे समय में शुरू हुआ है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले सप्ताह अमेरिका के दौरे पर जाने की खबरें सामने आई हैं। ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला अमेरिका दौरा होगा।