Site icon ISCPress

दो चरणों बाद भी इंडिया अलायंस एक भी सीट पर जीतता दिखाई नहीं दे रहा: अमित शाह

दो चरणों बाद भी इंडिया अलायंस एक भी सीट पर जीतता दिखाई नहीं दे रहा: अमित शाह

गृहमंत्री अमित शाह ने मैनपुरी में आज एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने परिवारवाद मुद्दे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरा। अमित शाह ने कहा, “अखिलेश खुद कन्नौज से लड़ रहे हैं, डिंपल यादव मैनपुरी से लड़ रही हैं, अखिलेश के भतीजे अक्षय यादव फिरोजाबाद से लड़ रहे हैं, आदित्य यादव बदांयू से, धर्मेंद्र यादव आजमगढ़ से लड़ रहे हैं। अगर चीजें उनके नियंत्रण में होती तो वह उत्तर प्रदेश की सभी सीटें पर अपने परिवार के सदस्य को ही लड़वा देते।”

अमित शाह ने शनिवार (28 अप्रैल) को यूपी के एटा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दो चरण पूरे होने के बाद भी इंडिया अलायंस एक भी सीट पर जीतता दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में गुंडे लोगों को परेशान करते थे, लेकिन योगी सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है।

शाह ने हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी पिछड़े वर्गों के नाम पर झूठ फैला रहे हैं। वे कहते हैं कि अगर बीजेपी 400 सीटें जीतेगी तो देश से आरक्षण हटा देगी। उन्हें यह समझ में नहीं आ रहा है कि आरक्षण हटाने के लिए हमारे पास दो कार्यकाल थे, जब हमारे पास पूर्ण बहुमत था, लेकिन नरेंद्र मोदी आरक्षण के समर्थक हैं। आज मैं आपको मोदी गारंटी दूंगा कि एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण न तो भाजपा हटाएगी और न ही हम किसी और को ऐसा करने देंगे।

शाह ने यह भी याद दिलाया कि बाबू जी (कल्याण सिंह) मुख्यमंत्री रहते हुए पिछड़े वर्गों और गरीबों के कल्याण का मुद्दा उठाया था लेकिन मुलायम सिंह के कारण उनकी सरकार गिर गई। नरेंद्र मोदी जब पीएम बने तो उन्होंने पिछड़े वर्गों और गरीबों की प्रगति में कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस ने हमेशा एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण पर हमला किया है, लेकिन मोदी जी ने हमेशा उनके उत्थान के लिए काम किया है।

Exit mobile version