Site icon ISCPress

कानपुर में जेल में बंद सपा विधायक के ठिकानों पर ED की रेड

कानपुर में जेल में बंद सपा विधायक के ठिकानों पर ED की रेड

सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके रिश्तेदारों के कानपुर और मुंबई के घरों पर ED ने छापा मारा है। करीब 8 ठिकानों पर ED की टीमें मौजूद हैं। लखनऊ से रवाना हुई ये टीमें गुरुवार सुबह 6 बजे इरफान सोलंकी के जाजमऊ स्थित घर पहुंचीं। इसके अतिरिक्त, बेकनगंज के घर पर भी अफसर मौजूद हैं।

कानपुर से समाजवादी पार्टी विधायक इरफान सोलंकी पिछले एक साल से जेल में बंद हैं। एक महिला ने विधायक के खिलाफ प्लाट पर कब्जा करने की मंशा से आगजनी करने का आरोप लगाया था। उन पर कई और मामले भी दर्ज हैं। इससे पहले राज्यसभा चुनाव के दौरान इरफान सोलंकी ने वोट डालने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी अर्जी को खारिज कर दिया था।

ईडी की टीम ने विधायक के आवास पर छापा मारा है। विधायक के घर का सीसीटीवी कनेक्शन काट दिया गया है। इस दौरान ईडी की एक टीम ने इरफान सोलंकी के भाई अरशद के घर पर भी छापेमारी कर रही है। अरशद सोलंकी से उनके आवास पर पूछताछ की जा रही है।

ईडी के अधिकारियों की टीम आज सुबह-सुबह छह गाड़ियों में इरफान सोलंकी के घर पहुंची, जहां परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ व अन्य छानबीन की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक ईडी इरफान सोलंकी की बेनामी संपत्ति को लेकर जांच कर रही है। हालांकि अभी इस मामले में और ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है.

सपा विधायक पर कानपुर में जाजमऊ की डिफेंस कॉलोनी की नजीर फातिमा के घर आगजनी करने का आरोप है। पीड़िता ने सोलंकी पर जमीन कब्जाने के लिए घर में आग लगाने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद दिसंबर 2022 में इरफान सोलंकी को जेल भेज दिया गया था।

हालांकि इरफान सोलंकी ने खुद को निर्दोष बताते हुए उन्हें फंसाने का आरोप लगाया है। सपा विधायक इससे पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं। साल 2011 में भी उन पर आईएएस अधिकारी ऋतु महेश्वरी से दुर्व्यवहार का आरोप लगा था।

Exit mobile version