बिहार में वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के नाम पर लोकतंत्र की हत्या की जा रही: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बिहार में वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण को लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने की साज़िश करार देते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या की एक संगठित कोशिश है।
मंगलवार को संसद परिसर में बिहार में वोटरों की लिस्ट के पुनरीक्षण के खिलाफ ‘इंडिया गठबंधन’ के सांसदों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार वोटर लिस्ट की विशेष पुनरीक्षण के नाम पर “वोट चोरी” का खेल खेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले महाराष्ट्र में भी इसी तरह की हरकत की गई थी और अब वही खेल बिहार में दोहराया जा रहा है।
उन्होंने इस प्रक्रिया को “वोटबंदी” बताते हुए कहा कि, यह मतदाताओं का अधिकार छीनने की साज़िश है। विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की जानकारी प्रियंका गांधी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए भी दी।
उन्होंने लिखा,
“लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के सभी सम्मानित नेताओं के साथ संसद परिसर में बिहार की ‘वोटबंदी’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई।”
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट पर विशेष पुनरीक्षण की यह प्रक्रिया लोकतंत्र की हत्या है और इसी वजह से हम लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “पहले महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट में नए नाम जोड़कर चुनाव छीना गया और अब बिहार में वोटरों के नाम हटाकर वही दोहराने की कोशिश हो रही है।”
उन्होंने दो टूक कहा कि वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के नाम पर जो “वोटबंदी” की जा रही है, वह संविधान में मिले मतदान के अधिकार को छीनने की गहरी साज़िश है। कांग्रेस और पूरा विपक्ष इस तरह की संविधान विरोधी हरकतों के खिलाफ मजबूती से खड़ा है।

