ISCPress

दिल्ली: इलाज के बहाने दो युवकों ने डॉक्टर पर की फायरिंग, डॉक्टर जावेद अख्तर की मौत

दिल्ली: इलाज के बहाने दो युवकों ने डॉक्टर पर की फायरिंग, डॉक्टर जावेद अख्तर की मौत

दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के बहाने से आए दो युवकों ने 55 वर्षीय एक डॉक्टर पर फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी। यह घटना कालिंदी कुंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तहत जेतपुर इलाके में स्थित नीमा अस्पताल में बीती रात हुई। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी स्कैन कर रही है और अस्पताल के स्टाफ से जानकारी जुटा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी जिनकी उम्र 16 से 17 साल के बीच थी, रात करीब डेढ़ बजे इलाज के लिए जेतपुर इलाके के नीमा अस्पताल पहुंचे। उनमें से एक ने अस्पताल के स्टाफ से अपने घायल पैर की पट्टी बदलने को कहा।

अस्पताल के स्टाफ के मुताबिक, पट्टी बदलने के बाद दोनों युवकों ने कहा कि उन्हें एक पर्चा चाहिए और डॉक्टर से मिलने की मांग करने लगे। इसके बाद वे डॉक्टर जावेद अख्तर के केबिन में गए, जहां से कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज़ सुनाई दी। जब स्टाफ ने केबिन का रुख किया, तो देखा कि डॉक्टर जावेद अख्तर खून से लथपथ पड़े थे। आरोपियों ने डॉक्टर को सिर में गोली मारी थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि ये दोनों एक रात पहले भी चोट लगने का बहाना बनाकर आए थे। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि डॉक्टर जावेद रात 8 बजे से नाइट ड्यूटी पर थे। उन्होंने दो साल तक अस्पताल में काम किया। पुलिस ने डॉक्टर की हत्या में टारगेट किलिंग की आशंका जताते हुए कहा है कि संभवतः आरोपी एक रात पहले अस्पताल की रेकी करने आए थे।

Exit mobile version