ISCPress

दिल्ली पुलिस ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को हिरासत में लिया, विपक्ष ने निंदा की

दिल्ली पुलिस ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को हिरासत में लिया, विपक्ष ने निंदा की

दिल्ली पुलिस ने प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हिरासत में ले लिया है। दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद विपक्ष ने कड़ी निंदा व्यक्त की है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने इस घटना को “अस्वीकार्य” बताते हुए आलोचना की है। दरअसल, सोनम वांगचुक और लद्दाख के लगभग 120 लोगों को सोमवार रात दिल्ली सीमा पर हिरासत में लिया गया, जो लद्दाख के लिए छठी अनुसूची का दर्जा देने की मांग करते हुए दिल्ली की ओर मार्च कर रहे थे।

यह मार्च 1 सितंबर को लेह से शुरू हुआ था, जिसका उद्देश्य लद्दाख को भारतीय संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करना था। छठी अनुसूची के तहत, स्थानीय लोगों को अपनी भूमि और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए कानून बनाने का अधिकार मिलेगा। इसके अलावा, कार्यकर्ताओं की मांग थी कि लेह और कारगिल के लिए अलग लोकसभा सीटें बनाई जाएं।

सोमवार रात, वांगचुक और उनके साथियों ने दिल्ली की सीमा पर रुकने का फैसला किया, लेकिन दिल्ली में 5 अक्टूबर तक निषेधाज्ञा लागू होने के चलते पुलिस ने उन्हें वापस लौटने का आदेश दिया। जब उन्होंने आदेश का पालन नहीं किया, तो पुलिस ने 120 लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से पहले सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पुलिस की भारी तैनाती और उनकी बसों को रोकने के दृश्य दिखाए।

वांगचुक ने बताया कि उन्हें शुरू में लगा कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए उन्हें एस्कॉर्ट कर रही है, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। पुलिस ने वांगचुक और अन्य कार्यकर्ताओं को नजदीकी पुलिस स्टेशनों में ले जाया, जबकि महिलाओं को हिरासत में नहीं लिया गया।

इस घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “अस्वीकार्य” कहा। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी पुलिस द्वारा लगाए गए कर्फ्यू और इस कार्रवाई को “बहुत खराब” बताते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की। दिल्ली पुलिस ने कानून और व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए अगले छह दिनों तक दिल्ली में पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने, विरोध प्रदर्शन करने और बैनर या तख्तियां लेकर चलने पर रोक लगा दी है, खासकर सीमा और मध्य दिल्ली के इलाकों में।

Exit mobile version