ISCPress

राहुल गांधी के जन्म दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया जश्न

राहुल गांधी के जन्म दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया जश्न

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज आपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके राहुल गांधी दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके साथ प्रियंका गांधी भी दिखीं। देश भर के कांग्रेस नेता 19 जून को एआईसीसी और राज्य मुख्यालय में राहुल गांधी का जन्मदिन धूमधाम से मना रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी ने उन्हें अपनी गरीब समर्थक राजनीति के अनुरूप मलिन बस्तियों का दौरा करने और लोगों की मदद करने की सलाह दी है।

कांग्रेस कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी केक काटकर राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया। राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े बजाकर जश्न मनाते दिखे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने राहुल गांधी को उनके जन्मदिन के अवसर पर बधाई दी और उन्हें कमजोरों की आवाज, संविधान के प्रति अटूट आस्था रखने वाला और सत्ता को सच का आईना दिखाने वाला बताया।

खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत के संविधान में निहित मूल्यों के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता और लाखों अनसुनी आवाजों के प्रति आपकी सशक्त करुणा, ऐसे गुण हैं जो आपको दूसरों से अलग करते हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी का विविधता में एकता, सद्भाव और करुणा का लोकाचार आपके सभी कार्यों में दिखाई देता है, क्योंकि आप सत्ता को सच्चाई का आईना दिखाकर अंतिम व्यक्ति के आंसू पोंछने के अपने मिशन में लगे हुए हैं। मैं आपके लंबे, स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करता हूं।”

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मैं अपने प्रिय नेता राहुल गांधी जी को शुभकामनाएं देने वाले करोड़ों भारतीय नागरिकों में खुद को शामिल करता हूं। उन्होंने कहा, “राहुल जी भारत के गरीबों, वंचितों और पिछड़े नागरिकों के निर्विवाद नेता हैं। वह बेजुबानों की आवाज, कमजोरों के लिए शक्ति का स्तंभ, हमारे संविधान के संरक्षक, न्याय योद्धा और गौरवशाली भविष्य के लिए भारत की सबसे उज्ज्वल आशा हैं।”

Exit mobile version