Site icon ISCPress

कांग्रेस हमेशा से वोट बैंक की राजनीती करती है: निशिकांत दुबे

कांग्रेस हमेशा से वोट बैंक की राजनीती करती है: निशिकांत दुबे

बिहार चुनाव के बीचज कटिहार में पहुंचे बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की है और मुस्लिम वोटों के लालच में देशहित से समझौता किया है। मीडिया से बातचीत में दुबे ने दावा किया कि 1974 में भारत के परमाणु परीक्षण के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पाकिस्तान के साथ यह तकनीक साझा करना चाहती थीं। उनका कहना था कि सीआईए के एक गोपनीय दस्तावेज़ में इसका खुलासा हुआ है।

दुबे ने कहा कि पाकिस्तान ने 1980 में परमाणु बम बनाने की साजिश शुरू की थी। उस समय इज़रायल भारत के साथ मिलकर पाकिस्तान की परमाणु महत्वाकांक्षा को नष्ट करना चाहता था, लेकिन 1982 में इंदिरा गांधी ने भारतीय सेना को कोई कार्रवाई न करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, “इसी फैसले का नतीजा है कि आज भारत के पड़ोस में एक ऐसा देश मौजूद है जो हमारे लिए लगातार सिरदर्द बना हुआ है।”

बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि अगर पाकिस्तान परमाणु संपन्न न होता, तो उसका अस्तित्व बहुत पहले खत्म हो चुका होता। उन्होंने इंदिरा गांधी और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, “गांधी परिवार की राजनीति का मूल सिद्धांत हमेशा से यही रहा है कि मुस्लिम वोटों के लिए देशहित को गिरवी रखा जाए। कांग्रेस सोचती है कि जितना ज़्यादा ‘पाकिस्तान ज़िंदाबाद’ के नारे लगाएगी, उतना अधिक उसे वोट मिलेगा।”

निशिकांत दुबे ने कहा कि यह मानसिकता देश को कमजोर करती है और उसी का नतीजा है कि भारत को एक ऐसा पड़ोसी मिला जो कभी सुधर नहीं सकता। उनके बयानों से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है, जबकि विपक्षी दलों ने इसे महज़ चुनावी बयानबाज़ी बताया है।

Exit mobile version