ISCPress

चीन ने लगभग चार हजार वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया, लेकिन मोदी सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है: प्रियंका गांधी

चीन ने लगभग चार हजार वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया, लेकिन मोदी सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है: प्रियंका गांधी

भारतीय सीमा में चीन की घुसपैठ पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया है। इस घुसपैठ पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उसने भारतीय सीमा में गाँव बसा दिए हैं और लगभग चार हजार वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया है, लेकिन मोदी सरकार इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है। एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस मुद्दे पर मोदी सरकार की चुप्पी के कारण उसे निशाना बनाया था।

प्रियंका गांधी ने कहा कि खबर यह भी है कि अरुणाचल प्रदेश में अपनी घुसपैठ की गतिविधियाँ जारी रखते हुए अब चीन लद्दाख के इलाके में भी बंकर बना रहा है। चीन की सीमा पर हमारे गश्त के 65 पॉइंट्स थे जिनमें से 26 पर कब्जा कर लिया गया है और अब वह अपनी सैन्य गतिविधियों को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि “चीन ने भारतीय क्षेत्र में अपने गाँव बसा लिए हैं और बंकर भी बना रहा है। देश की लगभग 4 हजार वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया गया है।

अरुणाचल प्रदेश के 30 स्थानों के नामों की उसने बाकायदा एक सूची भी जारी की है। हमने एलएसी पर अपने 65 पेट्रोलिंग पॉइंट्स में से 26 पॉइंट्स को खो दिया है। मीडिया ये सब बातें कह रहा है और यह जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी आज भी कह रहे हैं कि देश की सीमाओं पर किसी ने घुसपैठ नहीं की है। सवाल यह है कि मोदी सरकार आखिर किसके दबाव में भारतीय सीमा सुरक्षा और देश की संप्रभुता के बारे में इतने समझौते कर रही है?”

गौरतलब है कि कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी एक दिन पहले चीनी घुसपैठ पर मोदी सरकार पर हमला किया था और कहा था कि “चीन पूर्वी लद्दाख में लगातार दखल दे रहा है और अपनी निंदनीय गतिविधियों से बाज नहीं आ रहा है। अब खबर है कि चीन पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के पास खुदाई करके बंकर निर्माण कर रहा है। चीन ने ये बंकर सरजाप मिलिट्री बेस के पास बनाए हैं, जिस पर भारत का दावा रहा है।”

उन्होंने सवाल किया कि चीन पैंगोंग के करीब सैन्य अड्डे का निर्माण कैसे कर सकता है जो 2020 तक भारतीय सैनिकों के कब्जे में था? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी की ‘चीनी गारंटी’ जारी है क्योंकि उनकी सरकार अपनी लाल आंखों पर 56 इंच के मोटे चीनी चश्मे पहनती है। सरकार को निशाना बनाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि10 अप्रैल 2024 को विदेशी मीडिया को दिए गए हालिया इंटरव्यू में प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक स्तर पर भारत का रुख मजबूती से पेश करने में नाकाम रहे।

इसी तरह 13 अप्रैल 2024 को विदेश मंत्री ने बयान दिया कि चीन ने हमारी किसी भी जमीन पर कब्जा नहीं किया। विदेश मंत्री के इस बयान ने चीन के प्रति मोदी सरकार की नरम नीति को बेनकाब कर दिया। हालांकि 4 जुलाई 2024 को देश के विदेश मंत्री ने अपने चीनी समकक्ष से मुलाकात में एलएसी के सम्मान पर जोर दिया और कहा कि सीमा क्षेत्रों में शांति सुनिश्चित करना जरूरी है, लेकिन चीन हमारी जमीन पर कब्जा करने और सरजाप में एक सैन्य अड्डा बनाने में आक्रामक रुख बनाए हुए है।

उन्होंने कहा कि यह भी जमीन भारतीय कब्जे में थी। उन्होंने सरकार को इसके लिए दोषी ठहराते हुए कहा कि वह एलएसी पर यथास्थिति बनाए रखने में विफल रही। गौरतलब है कि हाल ही में एलएसी पर पैंगोंग झील के पास चीन द्वारा सैन्य अड्डा बनाए जाने की सैटेलाइट तस्वीरें सामने आने के बाद कांग्रेस ने अपनी प्रतिक्रिया में ये बातें कही हैं।

Exit mobile version