Site icon ISCPress

भाजपा ने लोगों से वोट देने का अधिकार छीनने के लिये ‘400 पार’ का नारा दिया: अखिलेश

भाजपा ने लोगों से वोट देने का अधिकार छीनने के लिये ‘400 पार’ का नारा दिया: अखिलेश

मुरादाबाद/बिजनौर: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि देश के संविधान को बदलने और लोगों से वोट देने का अधिकार छीनने के लिये ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव में ‘400 पार’ का नारा दिया है।

अखिलेश यादव ने मुरादाबाद से सपा उम्मीदवार रुचि वीरा के समर्थन में यहां आयोजित एक रैली में कहा, ”अगर कोई सरकार संविधान के अनुरूप काम करती है तो किसी भी समुदाय के खिलाफ पूर्वाग्रह की भावना से काम नहीं किया जा सकता। मगर जबसे भाजपा सत्ता में आयी है तबसे उसकी सरकार ने लोगों के साथ सिर्फ नाइंसाफी की है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में असमानता बढ़ी है। उन्होंने कहा, ‘धोखा देना भाजपा का व्यवहार, धंधा और रणनीति है। वह लोगों के अधिकार और सम्मान को छीनने का काम कर रही है। इस असमानता को खत्म करने के लिए समाजवादी पार्टी ने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) से एकजुट होने का आह्वान किया है’। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है।

उन्होंने कहा, ‘लोग परेशान हैं, गरीबों को अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान करती है और बदनाम करती है। जनता 2024 में विपक्षी इंडिया ब्लॉक के पक्ष में अपना वोट देकर बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देगी’।

उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों को जनता के लिए ‘लोकतंत्र और संविधान को बचाने’ का मौका बताया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जनता से जुड़े सवालों का सामना करने से बचने के लिए ‘विपक्षी सांसदों को निलंबित’ कर दिया।

उन्होंने किसानों के कड़े विरोध के बाद वापस लिये गये तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन को याद करते हुए कहा, ”सरकार ने वे कृषि कानून तो वापस ले लिये लेकिन भाजपा नेता जिस तरह से 400 पार का नारा लगा रहे हैं, ऐसे में अगर वे सत्ता में आ गये तो सम्भव है कि वे संविधान को ही बदल डालें। यहां तक कि वे हमारा वोट देने का अधिकार भी छीन सकते हैं।”

Exit mobile version