Site icon ISCPress

भाजपा ने तमिलनाडु और असम चुनाव के लिए चुनाव प्रभारी के नामों का ऐलान किया

भाजपा ने तमिलनाडु और असम चुनाव के लिए चुनाव प्रभारी के नामों का ऐलान किया

भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु और असम विधानसभा चुनावों के लिए अपने चुनावी प्रभारी और सह प्रभारी की घोषणा कर दी है। तमिलनाडु के लिए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को मुख्य चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र में बताया गया।

असम विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजयंत पांडा को मुख्य प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही जम्मू-कश्मीर के नेता विपक्ष सुनील कुमार शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री दर्शना बेन जारडोश को सह-प्रभारी बनाया गया है।

बीजेपी ने हाल ही में अन्य क्षेत्रों में भी अहम निर्णय लिए हैं। बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया, जिससे पार्टी में संभावित नेतृत्व परिवर्तन का संकेत मिलता है। नितिन नबीन 45 वर्ष के हैं और दिवंगत नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। उन्हें संगठन के प्रति प्रतिबद्ध और विचारधारात्मक रूप से मजबूत नेता माना जाता है। नितिन नबीन पांच बार बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और इससे पहले बिहार सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

यूपी में भी हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष पद पर पंकज चौधरी ने कमान संभाली है। इन नियुक्तियों को पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव और भविष्य के नेतृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बीजेपी की ओर से इस तरह के संगठनात्मक बदलाव चुनावी रणनीति और मजबूत राजनीतिक नेतृत्व को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। इन सभी निर्णयों के जरिए पार्टी न केवल तमिलनाडु और असम में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर रही है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठनात्मक मजबूती और नए नेतृत्व की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

Exit mobile version