ISCPress

केजरीवाल के इस्तीफ़े के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला सीएम होंगी

केजरीवाल के इस्तीफ़े के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला सीएम होंगी

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी की विधायक दल की बैठक में आतिशी को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। वह दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले बीजेपी की ओर से सुषमा स्वराज और कांग्रेस की ओर से शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) विधायक दल की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव रखा। इसपर विधायकों ने सहमति जताई।

पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी ने मुख्यमंत्री के तौर पर आतिशी का नाम सुझाया
इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) के नेताओं ने दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर आतिशी का नाम सुझाया था। पीएसी की सोमवार (16 सितंबर) को बैठक हुई थी। दिल्ली की कालकाजी सीट से पहली बार विधायक बनीं आतिशी के पास केजरीवाल सरकार में छह अहम विभाग हैं। इनमें शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पर्यटन और पावर मंत्रालय शामिल है। उन्हें अरविंद केजरीवाल के सबसे करीबियों में से एक माना जाता है।

आतिशी चुनी गई विधायक दल की नेता
आतिशी को विधायक दल की बैठक में विधान दल का नेता चुन लिया गया है। बैठक में अरविंद केजरीवाल ने ही मुख्यमंत्री पद के लिए आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा था। विधायकों ने भी आतिशी के नाम का स्वागत किया। इसी हफ्ते आतिशी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं। आतिशी आम आदमी पार्टी की सीनियर नेताओं में शामिल हैं।

केजरीवाल आज उप-राज्यपाल विनय सक्सेना को अपना इस्तीफा सौपेंगे
बता दें कि, दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें सीबीआई ने गिरफ्तार किया। सीबीआई के मामले में उन्हें 13 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली। उन्हें ईडी के मामले में पहले ही जमानत मिल चुकी थी। वो 13 सितंबर को ही तिहाड़ जेल से बाहर आए। अरविंद केजरीवाल ने रविवार (15 सितंबर) को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। इसके बाद आज वो शाम में उप-राज्यपाल विनय सक्सेना से मुलाकात करेंगे और अपना इस्तीफा सौंप देंगे।

Exit mobile version