Site icon ISCPress

‘सारे दिमागी नक्सल निकल-निकलकर बाहर आ रहे हैं’: प्रधानमंत्री मोदी

‘सारे दिमागी नक्सल निकल-निकलकर बाहर आ रहे हैं’: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों को ‘दिमाग़ी नक्सल’ क़रार देने की बात दोहराई है। प्रधानमंत्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में अपने संबोधन के दौरान एक बार फिर ‘दिमाग़ी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के विचारों का समर्थन करने वाले लोग भी अब बेनक़ाब हो रहे हैं।

पीएम मोदी ने पिछले महीने लाल किले की प्राचीर से दिए गए अपने भाषण का जिक्र करते हुए कहा, “जैसे ही मैंने ‘दिमाग़ी नक्सल’ वाली होम्योपैथी की गोली दी, सारे दिमाग़ी नक्सल निकल-निकलकर बाहर आने लगे। और जो लोग इस बीमारी को बढ़ावा दे रहे हैं, अब जनता उनका भी असली रंग देख रही है।”

प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को लेकर अपनी चेतावनी भी दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान भारतीय धरती पर आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देता है, तो भारतीय सेनाएं उसके घर में घुसकर मारेंगी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले लोग कमजोर हो रहे हैं। अगर पाकिस्तान ने कोई भी मूर्खता की, तो भारत की सशस्त्र सेनाएं उसके घर में घुसकर हमला करेंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत में शांति का माहौल फैल रहा है। जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर तक शांति का वातावरण है। माओवादी आतंकवाद और नक्सलवाद की कमर तोड़ दी गई है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के तेज गति से लिए जा रहे नीतिगत फैसलों को देख रही है, जबकि अतीत में यही दुनिया भारत की नीति-निर्माण प्रक्रिया के पंगु हो जाने की शिकायत करती थी।

प्रधानमंत्री ने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह के अवसर पर कॉलेज के वर्तमान छात्रों, फैकल्टी सदस्यों और पूर्व छात्रों को बधाई दी। उन्होंने संस्थान की शानदार शैक्षणिक परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने कई पीढ़ियों को तैयार किया है और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाया है।

उन्होंने कहा कि आज का अवसर केवल श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि देश के शिक्षा क्षेत्र के लिए भी इसका विशेष महत्व है। कई पीढ़ियों ने इस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है। प्रधानमंत्री ने शताब्दी समारोह के अवसर पर कॉलेज को अपनी शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version