ISCPress

अखिलेश ने ली चुटकी, भाजपा ने अपने ही आदमी पर रेड मरवा दी

अखिलेश ने ली चुटकी, भाजपा ने अपने ही आदमी पर रेड मरवा दी पीयूष जैन के यहां हुई छापेमारी की घटना पर जमकर राजनीति हो रही है।

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के कारोबारी पीयूष जैन के यहां छापेमारी कि घटना पर केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि समाजवादी के धोखे में भाजपा ने अपने ही कारोबारी पर छापा मार दिया।

गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को इस मुद्दे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा था। अब उन्नाव में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि पीयूष जैन बीजेपी का ही आदमी है। अखिलेश यादव ने कहा कि देखे सरकार से क्या गलती हुई है। उन्होंने गलत जगह छापा मार दिया। बीजेपी ने अपने ही कारोबारी पर छापा मार दिया। आप जानकारी निकलवा दिए अगर एक – एक भाजपा नेता का नाम निकले तो बताइएगा।

अखिलेश यादव ने इस मामले को एक नया मोड़ देते हुए कहा कि जिनके यहां छापा पड़ा है वह पीयूष जैन हैं। जिनके यहां से अभी भी नोट निकल रहे हैं। जहां दीवारों से नोट निकल रहे हैं। बेसमेंट से नोट निकल रहे हैं। उसका जिम्मेदार कौन है ?

पीयूष जैन के ठिकानों पर हुई छापेमारी को एक नया मोड़ देते हुए अखिलेश यादव ने कहा वह इत्र वाले के यहां छापा मारना चाहते थे।
जिसका नाम पुष्पराज जैन था, लेकिन जिस के यहां छापा मारा गया इनका नाम पीयूष जैन था। ऐसा लगता है जैसे डिजिटल इंडिया की गलती हो गई। बेचारे पीयूष जैन पुष्पराज जैन की जगह आ गए।

अखिलेश यादव ने कहा कि पत्रकार साथियों के माध्यम से, आप लोगों के माध्यम से यह प्रचार किया गया कि पुष्पराज जैन ने जो इत्र बनाया था वह समाजवादी पार्टी का आदमी है। दोपहर आते-आते पत्रकारों के लिए भी यह बात साफ हो गई कि समाजवादियों से इसका कोई लेना देना नहीं तो वह भी अपने बयान से पलट गए। दोपहर बाद तक पत्रकारों के लिए स्थिति साफ हो गई, सुबह तक तो यही हैडलाइन चल रही थी कि समाजवादी पार्टी का इत्र कारोबारी, लेकिन मुझे खुशी है कि दोपहर आते-आते पत्रकार साथी इस बात को समझ गए कि इसका सपा से कोई लेना देना नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि इनकम टैक्स और जीएसटी डिपार्टमेंट को जिस के यहाँ छापा मारना था उसका नाम पुष्पराज जैन था। पुष्पराज जैन के यहां छापा मारना था लेकिन दोनों के नाम में जैन होने के चलते पीयूष जैन के यहां छापा मार दिया गया। अखिलेश यादव के अनुसार पीयूष जैन बीजेपी का आदमी है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार पीयूष जैन के यहां से 257 करोड़ कैश, 10 किलो सोना चांदी, वहीँ उसके कन्नौज स्थित पैतृक आवास से 18 लॉकर और 500 चाबियां भी मिली हैं। छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों के अनुसार उसके पास बहुत महंगी 16 प्रॉपर्टी हैं। जिनमें चार कानपुर, दो मुंबई, एक दिल्ली और सात कन्नौज में है। दुबई में भी उसके नाम पर दो प्रॉपर्टी मौजूद हैं।

अमित शाह ने छापेमारी की इस कार्यवाही के बाद समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा था कि अभी हाल ही में समाजवादी पार्टी के मुखिया के करीबी के पास से इनकम टैक्स की रेड में 250 करोड़ रुपए मिले हैं।

 

सपा मुखिया प्रदेश की जनता को बताएं कि कहां से आया यह पैसा ? यह उत्तर प्रदेश की गरीब जनता से लूटा हुआ पैसा है।

Exit mobile version