ISCPress

दिल्ली में 52.3 डिग्री की रिकॉर्ड गर्मी के बाद मौसम ने ली करवट, कई जगह बारिश

दिल्ली में 52.3 डिग्री की रिकॉर्ड गर्मी के बाद मौसम ने ली करवट, कई जगह बारिश

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री तक पहुंच गया। जोकि भारत में अब तक का सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के मुंगेशपुर में बुधवार दोपहर 2.30 बजे 52.3 डिग्री सेल्सियस के साथ भारत का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इसकी जानकारी दिल्ली मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने दी है।

जहां एक तरफ दिल्ली में तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। कुछ ही देर बाद राजधानी के इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत का अहसास हुआ। दिल्ली में 52.3 डिग्री की रिकॉर्ड गर्मी के बाद मौसम ने ली करवट ली है, NCR में किराड़ी, ओखला जैसी कुछ जगहों पर बारिश हुई है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 43 फीसदी था। इससे पहले मंगलवार (28 मई) को राष्ट्रीय राजधानी में बहुत तेज़ गर्मी देखी गई और दिल्ली में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था।

मौसम विभाग ने दैनिक मौसम परिचर्चा में बुधवार को बताया कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति 30 मई से धीरे धीरे कम होने की संभावना है। 31 मई को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति रहने की संभावना हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति की संभावना है। हालांकि, लू के प्रभाव में कमी देखने को मिल सकती है।

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 50 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। इसकी वजह से लोगों को पानी की किल्लत हो रही है। राजधानी में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। ऐसे में दिल्ली के लोग पानी की समस्या को लेकर परेशान है। पानी के लिए लोगों को घंटो पानी के टैंकर का इंतजार करना पड़ रहा है। इस गर्मी में पानी भरने के लोगों को घंटो लाइन में पड़ रहा है। बाबजूद लोगों को पूरा पानी नहीं मिल पा रहा है।

घंटों इंतजार करने के बाद पानी का टैंकर आता तो है लेकिन लोगों को महज दो दो बाल्टी पानी ही मिल पाता है। लोगों का कहना है की सरकार को इस समस्या का समाधान करना चाहिए क्योंकि इतनी तेज गर्मी में सड़कों पर कई घंटे इंतजार करने के बाद भी पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है।

Exit mobile version