ISCPress

अमेठी से राहुल गांधी की हार के बाद सभी विकास कार्य खत्म हो गए: प्रियंका गांधी

अमेठी से राहुल गांधी की हार के बाद सभी विकास कार्य खत्म हो गए: प्रियंका गांधी

नई दिल्‍ली : लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की वोटिंग ख़त्म हो चुकी है लेकिन, सियासी पारा गर्म है। ऐसे में आरोप-प्रत्‍यारोप का दौर तेज और तेज होता जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि पहले स्वस्थ राजनीति होती थी। बीजेपी में भी पहले अच्छे नेता थे। वाजपेयी जी अच्छे नेता थे, वह अपनी पद की गंभीरता-गरिमा समझते थे। लेकिन, आज बीजेपी के नेता फिजूल की बातें करते हैं।

तेंदुआ में कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के समर्थन में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची प्रियंका गांधी हरेक मुद्दे पर बोलीं। सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में झूठ की राजनीति फैली है। नौटंकी की राजनीति है। प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि वह यह नहीं बता सकते कि दस साल में कितने को रोजगार दिया। महंगाई कितनी कम की। कितनी संस्थाएं खोली हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले 5-10 साल में यहां की राजनीति को बदल दिया गया। यहां की सांसद सिर्फ एक काम के लिए आईं कि राहुल गांधी को हराना है। उनको हराने के लिए तमाम झूठ फैलाए गए। राहुल गांधी के हारने के बाद सभी विकास कार्य खत्म हो गए। प्रधानमंत्री सिर्फ एक परिवार के खिलाफ दिन रात बोलते हैं। इंदिरा गांधी को देशद्रोही कहते हैं, जिन्होंने पाकिस्तान को तोड़कर बांग्लादेश बनाया। राजीव गांधी जैसे देशभक्त को देशद्रोही कहते हैं। प्रियंका ने इसके साथ ही सरकार पर हमला बोला। किसानों की समस्या को उठाया। कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र की लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि आज अमेठी में हरियाली है। लेकिन, यहां पहले ऐसी जमीन थी, जिसमें उपज नहीं थी। ऐसे में राजीव जी ने सबसे पहले ऊसर सुधार और सिंचाई योजना शुरू की। फिर बड़े उद्योग और भेल, एचएल जैसे संस्थान अमेठी में लाए। जब कोई नीति, नियत और निष्ठा से काम करता है तो विकास होता ही है। अमेठी से हमारा रिश्ता बहुत पुराना है। मेरे पिता को आपने प्रधानमंत्री बनाया। आपने हमारे पिताजी और मां को जिताया इसलिए कि उन्होंने आपकी सेवा की।

प्रियंका गांधी ने कहा कि, अमेठी से हमारा रिश्ता पाक है। प्रेम का है। सेवा और शहादत का है। खून का रिश्ता है। यह कभी नहीं टूटेगा। कोई भी सांसद बने। कोई हमारे बारे में हजार झूठ बोल जाय। फिर भी यह रिश्ता नहीं टूटेगा। यह भूमि मेरे पिता की कर्मभूमि है। इसे मैं पूजती हूं। राहुल इसे पूंजते हैं। यह हमारे लिए पवित्र भूमि है। ”” यह अल्फाज कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के हैं।

Exit mobile version