ISCPress

भ्रष्ट लोगों को संरक्षण का आरोप लगाते हुए, बीजेपी सांसद अजय प्रताप सिंह ने पार्टी छोड़ी

भ्रष्ट लोगों को संरक्षण का आरोप लगाते हुए, बीजेपी सांसद अजय प्रताप सिंह ने पार्टी छोड़ी

लोकसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले मध्य प्रदेश में भाजपा को झटका लगा है। यहां राज्‍यसभा सदस्‍य अजय प्रताप सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेजा है। हालांकि वे दूसरी पार्टी ज्वाइन करेंगे या नहीं, इसको लेकर उन्होंने स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

अजय प्रताप सिंह ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और “बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार” में लिप्त होने के लिए पार्टी की आलोचना की। सिंह ने दावा किया कि बीजेपी में भ्रष्ट लोगों को संरक्षण मिल रहा है और पार्टी राजनीतिक व्यापारियों का ”अड्डा” बन गई है।

प्रताप सिंह ने कहा कि राजनीति सही मायने में हमारे लिए सेवा का माध्यम थी ,धन अर्जन का माध्यम नहीं थी लेकिन आज कुछ परिस्थिति ऐसी निर्मित हो गई है मैं आपने आप को भारतीय जनता पार्टी के लिए अनुकूल नहीं मान रहा हूं इसलिए मैने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। साथ ही अजय प्रताप सिंह ने भाजपा की कार्यप्रणाली और चैन प्रणाली पर आपत्ति जताई है।

सिंह ने पत्र में अपने इस्तीफे के लिए किसी कारण का जिक्र नहीं किया है। हालांकि, सीधी शहर में पत्रकारों से बात करते हुए सिंह ने पार्टी पर भ्रष्टाचारियों को बचाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मैं इस परिस्थिति को नहीं स्वीकार कर पा रहा हूं। मेरी असहमति मेरी आपत्ति मेरे त्यागपत्र के रूप में परिलक्षित हुई है।

सीधी लोकसभा सीट से पार्टी के टिकट के दावेदारों में रहे सिंह ने टिकट वितरण प्रक्रिया पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने कहा कि लोगों के बीच कराए गए सर्वेक्षण के आधार पर टिकट आवंटित किए जाएंगे, लेकिन यह नीति उम्मीदवारों के चयन में प्रतिबिंबित नहीं हुई।

सिंह ने कहा, ”बीजेपी ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। मैं किसी भी उम्मीदवार का विरोध नहीं करता हूं, लेकिन पार्टी की चयन प्रणाली पर मुझे आपत्ति है और मैं इससे असहमत हूं। बीजेपी पिछले करीब 20 साल से मध्य प्रदेश में और 10 साल से केंद्र की सत्ता में है। उन्होंने कहा, ”इस दौरान मैंने पार्टी में कई बातें महसूस कीं। पार्टी में रहकर मैं उन्हें कभी नहीं कह सकता था, लेकिन अब मैं उन बातों को कह सकता हूं।”

सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण मिल रहा है। राजनीति व्यापार का माध्यम बन गई है…बल्कि हम कह सकते हैं कि पार्टी राजनीतिक व्यापारियों का अड्डा बन गई है।”

Exit mobile version