ISCPress

सर्वे के अनुसार बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और पंजाब लोकसभा चुनाव में भाजपा को नुकसान

सर्वे के अनुसार बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और पंजाब लोकसभा चुनाव में भाजपा को नुकसान

लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच की टक्कर काफी दिलचस्प होने वाली है, जिसका इंतजार दोनों अलायंस के साथ जनता भी कर रही है। इस बीच रविवार को एबीपी न्यूज सी वोटर का 2024 लोकसभा चुनाव के लिए ओपिनियन पोल सामने आया है। । इस सर्वे के अनुसार बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और पंजाब में भाजपा को तगड़ा झटका लग सकता है। सर्वे की मानें तो इन चार बड़े राज्यों में एनडीए पर इंडिया अलायंस हावी दिख रहा है।

रविवार को सामने आये इस ओपिनियन पोल में देश के 5 राज्यों को लेकर अनुमान लगाया गया है कि लोकसभा चुनाव में कहां किसकी जीत और किसकी हार हो सकती है। इन पांच राज्यों में पंजाब, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इन 5 राज्यों में लोकसभा की 223 सीटें हैं। ये बेहद महत्वपूर्ण सीटें हैं जो लोकसभा चुनाव की दशा और दिशा बदल सकती हैं।

ये सीटें तय करेंगी की देश की सत्ता 2024 में किसके हाथ में होंगी। एबीपी-सी वोटर के इस ओपिनियन पोल में बताया गया है कि पंजाब में कांग्रेस के पक्ष में हवा नजर आ रही है। पंजाब की कुल 13 लोकसभा सीटों में अगर आज चुनाव होते तो भाजपा को मात्र 0-2 सीटें मिलेंगी। वहीं कांग्रेस को 5-7 सीटें और आम आदमी पार्टी को 4-6 सीटें मिल सकती हैं। वहीं शिरोमणि अकाली दल को 0-2 सीटें मिल सकती हैं।

इसमें कहा गया है कि महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं। यहां कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को भाजपा और उसके सहयोगी दलों से अधिक सीट मिल सकती है। इसमें कहा गया है कि अगर महाराष्ट्र में आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो यहां भाजपा प्लस को 19 से 21 सीटें और कांग्रेस प्लस को 26 से 28 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य दलों को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। बात अगर वोट शेयर की करें तो भाजपा प्लस को 37 प्रतिशत, कांग्रेस प्लस को 41 प्रतिशत और अन्य को 22 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।

एबीपी-सी वोटर के इस ओपिनियन पोल में बताया गया है कि महाराष्ट्र और बिहार में इंडिया गठबंधन को एनडीए से अधिक लोकसभा सीटें मिल सकती हैं। बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। यहां इंडिया गठबंधन या कांग्रेस प्लस को एनडीए या भाजपा प्लस के मुकाबले अधिक सीटें मिलने का अनुमान है। इस ओपिनियन पोल में कहा गया है कि यहां भाजपा प्लस को 16 से 18 सीटें और कांग्रेस प्लस को 21 से 23 सीटें मिल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में भाजपा को बंपर सीटें मिलने की उम्मीद
इस ओपिनियन पोल में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में लोकसभी की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं। यहां भाजपा को बड़ी जीत मिलने का अनुमान जताया गया है। इसमें कहा गया है कि आज अगर लोकसभा चुनाव हो तो उत्तर प्रदेश में एनडीए को 73 से 75, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को 4 से 6 सीटें और बीएसपी को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं।

सी-वोटर के इस सर्वे में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा की कुल 42 सीटें हैं। लोकसभा चुनाव में यहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सभी दलों से आगे जाता दिख रहा है। इसमें कहा गया है कि अगर आज चुनाव होते हैं तो पश्चिम बंगाल में भाजपा को 16 से 18 सीटें मिल सकती हैं। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में 23 से 25 सीटें मिल सकती हैं।

जबकि कांग्रेस प्लस को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं। पश्चिम बंगाल में वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को 39 प्रतिशत, टीएमसी को 44 प्रतिशत, कांग्रेस प्लस को 8 प्रतिशत और अन्य को 9 प्रतिशत वोट मिल सकता है। यहां इंडिया गठबंधन एनडीए पर बढ़त बनाता दिख रहा है।

Exit mobile version