ISCPress

एग्जिट पोल के अनुसार हरियाणा में कांग्रेस बहुमत के साथ करेगी वापसी, जम्मू कश्मीर में ,इंडिया गठबंधन’ मज़बूत

एग्जिट पोल के अनुसार हरियाणा में कांग्रेस बहुमत के साथ करेगी वापसी, जम्मू कश्मीर में ,इंडिया गठबंधन’ मज़बूत

जम्मू-कश्मीर के साथ ही बीजेपी को हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी झटका लगता दिख रहा है। एग्जिट पोल के अनुसार हरियाणा में बीजेपी सत्ता से बाहर जाती दिख रही है। एग्जिट पोल के अनुसार प्रदेश में 10 साल बाद कांग्रेस दमदार वापसी करती दिख रही है।4 एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस को 90 में से 55 सीटें तक मिलने की बात कही गई है। बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए होती हैं। जम्मू-कश्मीर में भी 90 सीटों में से कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन को 43 सीटें मिल सकती हैं जो बहुमत के आंकड़े से तीन कम हैं।

सी-वोटर, मैट्रीज, जीस्ट, ध्रुव, दैनिक भास्कर और पी-मार्कयू एग्जिट पोल में कांग्रेस आसानी से बहुमत हासिल करती नजर आ रही है। पोल ऑफ पोल में कांग्रेस को 54 सीट, बीजेपी को 26, जेजेपी और आईएनएलडी को एक-एक सीट मिलती दिख रही है।

बीजेपी का चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने का दांव पूरी तरह फेल

पार्टी ने लोकसभा चुनाव से पहले मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया था। पार्टी के इस कदम को एंटी इन्कंबेसी को खत्म करने के रूप में देखा गया। हालांकि, पार्टी का यह दांव कामयाब होता नहीं दिख रहा है। प्रदेश सरकार को लेकर हरियाणा में लोगों की नाराजगी की खबरें लगातार आ रही थीं। एग्जिट पोल के नतीजों ने इस बात को पुख्ता कर दिया है।

हरियाणा में वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में मतदान 15 अक्टूबर को हुआ था, और परिणाम चार दिन बाद घोषित किए गए थे। उस चुनाव में रिकॉर्ड 76.54 फीसदी मतदान हुआ था, जिसमें भाजपा ने 47 सीटों पर जीत हासिल की थी। उस साल अधिकांश एग्जिट पोल ने भाजपा की स्पष्ट जीत की भविष्यवाणी की थी।

इंडिया टीवी-सी वोटर, एबीपी न्यूज-नीलसन, टाइम्स नाउ और न्यूज 24-चाणक्य ने भाजपा को 37 से 52 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। लेकिन 2019 के हरियाणा चुनाव में एग्जिट पोल उतने सटीक नहीं साबित हुए। तब भाजपा को 2014 की तुलना में सात कम, 40 सीटें मिलीं। एग्जिट पोल के अनुमानों में उसे 51 से 78 सीटें मिलने का दावा किया गया था।

एबीपी न्यूज-सी वोटर ने सबसे अधिक 78 सीटों का अनुमान लगाया था। बहुमत के लिए 46 सीटों से कम होने के बावजूद, भाजपा ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के साथ गठबंधन कर और सात निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई। मनोहर लाल खट्टर दोबारा मुख्यमंत्री बने और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री बने।

भाजपा, जो बीते 10 सालों से सत्ता में थी, इस बार मुकाबले में पिछड़ती नजर आ रही है. हालांकि, चुनावी नतीजे क्या होंगे, इसका सटीक अंदाजा 5 एग्जिट पोल के आधार पर नहीं लगाया जा सकता, लेकिन मौजूदा संकेत कांग्रेस के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। 8 अक्टूबर को अंतिम नतीजे आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हरियाणा की जनता ने किस पार्टी को राज्य की बागडोर सौंपने का फैसला किया है, लेकिन फिलहाल एग्जिट पोल कांग्रेस की सत्ता वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं।

Exit mobile version