ISCPress

दिल्ली में जल संकट पर आप मंत्री आतिशी ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की

दिल्ली में जल संकट पर आप मंत्री आतिशी ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की

आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में जल मंत्री आतिशी ने दिल्ली में पानी की कमी के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। विरोध शुरू करने से पहले, वह मुख्यमंत्री निवास पहुंचीं और सुनीता केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज और संजय सिंह के साथ राजघाट का दौरा किया। राजघाट पहुंचने के बाद उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की और अनशन पर बैठने के लिए भोगल रवाना हो गईं। आतिशी ने दिल्ली में जारी पानी के संकट पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा, “हरियाणा और केंद्र सरकार दोनों दिल्ली के लोगों को पानी के लिए तरसा रही हैं। जनता विरोध कर रही है और हरियाणा सरकार दिल्ली के हिस्से का पानी उपलब्ध नहीं करा रही है। इसलिए अब अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जा रहा है।” आतिशी ने कहा कि दिल्ली के लोगों को उनके हिस्से का पानी मिलने को सुनिश्चित करने की हर संभव कोशिश की गई। फिर भी हरियाणा ने पानी उपलब्ध नहीं कराया, इसलिए अब हम ‘पानी सत्याग्रह’ करने पर मजबूर हैं। उन्होंने कहा, “गांधीजी ने सिखाया था कि सत्य के लिए लड़ने का अंतिम मार्ग सत्याग्रह है। मैं यह लड़ाई दिल्ली के 28 लाख लोगों के लिए सत्याग्रह के माध्यम से लड़ूगी।”

आतिशी ने कहा कि दिल्ली को हरियाणा से 613 मिलियन गैलन (एमजीडी) पानी मिलना चाहिए लेकिन हरियाणा केवल 513 एमजीडी पानी दे रहा है। हरियाणा से दिल्ली में रोजाना 100 एमजीडी कम पानी आता है, जिससे पानी के लिए दहशत है और 28 लाख से अधिक लोगों को उनके हिस्से का पानी नहीं मिल रहा है। जब तक हरियाणा सरकार, दिल्ली के 28 लाख लोगों के हिस्से का पानी नहीं छोड़ती, मैं अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठूंगी। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में इस समय भीषण गर्मी है। दिल्ली के लोग गर्मी की इस लहर से परेशान हैं। ऐसे में पानी की अधिक आवश्यकता है, लेकिन हरियाणा पिछले कुछ दिनों से कम पानी दे रहा है और दिल्ली के 28 लाख से अधिक लोग अपने अधिकार के पानी से वंचित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, “जलमंत्री होने के नाते मैंने हर संभव कोशिश की। केंद्र सरकार से बात की, हरियाणा सरकार से बात की, हिमाचल प्रदेश सरकार से बात की। अपने अधिकारियों को हरियाणा सरकार के पास भेज दिया लेकिन इसके बावजूद हरियाणा सरकार ने दिल्ली के लोगों को पानी देने से इनकार कर दिया।” आतिशी ने कहा, “अब मेरे पास दिल्ली के लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए कोई और रास्ता नहीं बचा है। हर संभव कोशिश करने के बावजूद मैं दिल्ली के लोगों को पानी देने में सफल नहीं हो पाई हूं और अब मैं उनकी परेशानियों को बर्दाश्त नहीं कर सकती। इसलिए 21 जून से मैं दिल्ली के लोगों को पानी देने के लिए अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ रही हूं।”

Exit mobile version