ISCPress

आम आदमी पार्टी के विधायक करतार सिंह तंवर भाजपा में शामिल

आम आदमी पार्टी के विधायक करतार सिंह तंवर भाजपा में शामिल

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक करतार सिंह तंवर और पूर्व विधायक राज कुमार आनंद मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले आनंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में मंत्री थे। आप के पूर्व विधायक और मंत्री राजकुमार आनंद के यहां ईडी के छापे भी पड़ चुके हैं। उस समय वह मंत्री थे। आबकारी मामले में आप संयोजक की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।

पटेल नगर सीट से पूर्व विधायक आनंद के साथ उनकी पत्नी वीणा आनंद भी भाजपा में शामिल हुईं। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में इन नेताओं ने केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी का दामन थामा। दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली के सैद-उल-अजायब वार्ड से आप पार्षद उम्मेद सिंह फोगाट और कुछ अन्य आप सदस्य भी इस अवसर पर भाजपा में शामिल हुए, जहां भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह भी मौजूद थे।

सचदेवा ने कहा कि “आप नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और काम से प्रेरित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं और क्योंकि (उन्हें लगा) कि आप में काम करना तानाशाही के तहत काम करने जैसा है। सचदेवा ने कहा, ”आप में भ्रष्टाचार चरम पर है…उन सभी ने भाजपा की सदस्यता ले ली है और हम सभी का पार्टी में स्वागत करते हैं।”

दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजकुमार आनंद आज भाजपा में शामिल हुए हैं। लेकिन उन्होंने आम आदमी पार्टी से कुछ समय पहले ही किनारा कर लिया था। लोकसभा चुनाव से पूर्व दिल्ली सरकार को अनुसूचित जाति विरोधी बताते हुए उन्होंने मंत्री पद के साथ ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वहीं छतरपुर के आम आदमी पार्टी विधायक करतार सिंह तंवर ने भी आप छोड़ दी और बीजेपी ज्वाइन कर ली।

राज कुमार आनंद 2020 में AAP के टिकट पर आरक्षित सीट पटेल नगर से विधायक चुने गए। उसके बाद उन्हें दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री बनाया गया। तंवर छतरपुर से दूसरी बार विधायक बने हैं, जहां से उन्होंने 2015 में पहली बार जीत हासिल की थी और 2020 में AAP ने उन्हें फिर से मैदान में उतारा था। 2014 में AAP में शामिल होने से पहले, वह भाजपा के सदस्य थे, और उनके वापस शामिल होने को भाजपा नेताओं ने “घर वापसी” बताया है।

भाजपा विधायक, सांसद, पार्षद चोर पार्टी है: संजय सिंह
वीना आनंद 2013 में पटेल नगर से AAP विधायक चुनी गईं। वह राजकुमार आनंद की पत्नी हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले तक क्षेत्र में एक सक्रिय AAP नेता थीं। जब उनके पति ने लोकसभा चुनाव लड़ा तो उन्होंने भी आप छोड़ दिया। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, भाजपा विधायक, सांसद, पार्षद चोर पार्टी है। संजय सिंह ने कहा कि आपने साइकिल चोर, घड़ी चोर, बाइक चोर, कार चोर, सोना चोर सुना होगा, लेकिन “BJP” पार्षद चोर, विधायक चोर, सांसद चोर पार्टी चोर है। सारे दाग चुटकियों में धुले “मोदी वाशिंग पाउडर।”

Exit mobile version