Site icon ISCPress

उत्तराखंड के चमोली जिले में टनल ढहने से अब तक 9 लोगों की मौत

उत्तराखंड के चमोली जिले में टनल ढहने से अब तक 9 लोगों की मौत

उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार शाम निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 3 लोग अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव दल लापता मजदूरों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।

यह हादसा चमोली के मयापुर-पिपलकोटी क्षेत्र में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (THDC) की विष्णुगाड-पिपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुआ। अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे भूस्खलन और जमीन धंसने के कारण अचानक सुरंग में बड़ी मात्रा में पानी और मलबा भर गया। उस समय सुरंग के भीतर कुल 22 कर्मचारी मौजूद थे। इनमें से 19 लोगों को रातभर चले बचाव अभियान के दौरान बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन लोग अभी भी फंसे हुए हैं।

बचाव अभियान में NDRF, SDRF, ITBP, पुलिस और स्थानीय अग्निशमन दल की टीमें शामिल हैं। सुरंग के भीतर बढ़ता पानी और अस्थिर परिस्थितियां राहत कार्य में बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, बचाव दल पानी और मलबे को हटाकर लापता लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है और हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश भी दिए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हादसे पर दुख जताते हुए बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाने, घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

यह हादसा नवंबर 2023 के उत्तरकाशी सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग हादसे की याद दिलाता है, जिसमें 41 मजदूर 17 दिनों तक सुरंग में फंसे रहे थे और 28 नवंबर को उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया था।

Exit mobile version