Site icon ISCPress

यमुना के किनारे बनाए जा रहे हैं 17 मॉडल छठ घाट: रेखा गुप्ता

यमुना के किनारे बनाए जा रहे हैं 17 मॉडल छठ घाट: रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि छठ पर्व को भव्य रूप से मनाने के लिए यमुना के किनारे पल्हा से कालिंदी कुंज तक 17 मॉडल छठ घाट बनाए जा रहे हैं।

रेखा गुप्ता ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सरकार ने इस बार यमुना नदी पर छठ पूजा के आयोजन से जुड़ी पाबंदी हटा दी है। अब स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं। यमुना किनारे बनाए जा रहे इन 17 मॉडल घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए हर सुविधा उपलब्ध होगी — टेंट, बिजली, शौचालय, पीने के पानी और सफाई की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा दिल्ली के हर ज़िले में कम से कम एक मॉडल छठ घाट बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “पिछली सरकारों ने यमुना पर छठ पूजा करने पर रोक लगाई थी, लेकिन हमारी सरकार ने इस परंपरा का सम्मान करते हुए यह पाबंदी हटा दी है। इस बार सरकार खुद आयोजन की जिम्मेदारी ले रही है और पूरी दिल्ली में छठ पर्व भव्य तरीके से मनाया जाएगा।”

रेखा गुप्ता ने बताया कि 2021 में यमुना नदी पर छठ मनाने वालों पर पूर्व सरकार ने धारा 188 के तहत जो मामले दर्ज किए थे, उन्हें उनकी सरकार वापस लेगी। इस बार अब तक एक हज़ार से अधिक समितियों ने छठ पर्व मनाने के लिए आवेदन दिए हैं। सरकार की ओर से मैथिली और भोजपुरी में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि श्रद्धालु स्वच्छ पानी में अर्घ्य दे सकें, इसके लिए आज से विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। सांसद, विधायक और पार्षद खुद अपने क्षेत्रों के घाटों का दौरा कर सफाई कार्य की निगरानी करेंगे।

रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि दिवाली के अगले दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पहले से बेहतर रहा। पिछली सरकारों के मुकाबले इस बार प्रदूषण का स्तर कम रहा है और पटाखों की अनुमति होने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है।

Exit mobile version