ISCPress

हिंदुस्तान नफरत का नहीं, मोहब्बत का देश है: राहुल गांधी

हिंदुस्तान नफरत का नहीं, मोहब्बत का देश है: राहुल गांधी

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस समय असम में है। बुधवार को बारपेट में यात्रा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस के लोग एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं। वे नफरत फैलाते हैं, जबकि हम मोहब्बत फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि हमने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में लाखों लोगों से बात की। सबने हमसे कहा- हिंदुस्तान नफरत का नहीं, मोहब्बत का देश है।

राहुल गांधी के अगुवाई में कांग्रेस की मणिपुर से शुरू हुई ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ बुधवार को असम से पश्चिम बंगाल में दाखिल होगी, लेकिन यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे सियासी सरगर्मियां भी तेज होती जा रही हैं। राहुल गांधी के असम में एंट्री करते ही पहले एयूडीएफ के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल बेचैन हो गए थे और उसके बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ जुबानी जंग तेज हो गई।

राहुल ने हिमंत बिस्वा सरकार को सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री कहा तो जवाब में हिमंत ने गांधी परिवार को देश का सबसे करप्ट परिवार बता दिया। बात सिर्फ यहीं पर नहीं रुकी, राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज कर ली गई तो कांग्रेस ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राहुल ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री के दिल में बहुत नफरत है, लेकिन हमारी लड़ाई उनसे नहीं, बल्कि उनके दिल में छिपी नफरत से है। उन्होंने कहा कि नफरत के पीछे डर होता है। नफरत को सिर्फ मोहब्बत से खत्म किया जा सकता है।

राहुल गांधी ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट व्यक्ति करार दिया। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री कौन है? क्या नाम है उसका? पूरा देश और असम जानता है कि आपके मुख्यमंत्री और उनका पूरा परिवार सबसे ज्यादा भ्रष्ट है।

उन्होंने कहा कि आप काजीरंगा जाओगे, राइनो देखने जाओगे तो पता चलेगा कि वहां की सारी जमीन मुख्यमंत्री की है। पान खाओगे तो पता चलेगा कि चीफ मिनिस्टर का पान है। राहुल ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा नफरत फैलाते हैं और लोगों की जेब से पैसा छीनते हैं। मीडिया वही दिखाता है, जो वे चाहते हैं। सरमा देश के करप्ट मुख्यमंत्री हैं। उनका कंट्रोल अमित शाह के हाथ में है। अगर वह (हिमंत बिस्वा सरमा) अमित शाह के खिलाफ कुछ भी कहने की हिम्मत करते हैं, तो उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया जाएगा।

Exit mobile version