ISCPress

राफेल डील की वजह से पीएम मोदी को मिला फ्रांस ‘बैस्टिल डे परेड’ का टिकट: राहुल गांधी

राफेल डील की वजह से पीएम मोदी को मिला फ्रांस ‘बैस्टिल डे परेड’ का टिकट: राहुल गांधी

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने मणिपुर हिंसा को लेकर यूरोपीय संघ की संसद में हुई बहस पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाया। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी के फ्रांस दौरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राफेल डील की वजह से पीएम मोदी को फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस बैस्टिल डे पर मुख्य अतिथि बनाया गया।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ”मणिपुर जल रहा है। यूरोपीय संघ की संसद में भारत के आंतरिक मामलों पर बहस हो रही है लेकिन प्रधानमंत्री चुप हैं और इस पर एक शब्द भी नहीं कहते हैं। वहीं राफेल ने उन्हें बैस्टिल डे का टिकट दिया है।

बता दें कि शनिवार को भारत सरकार ने भारतीय नौसेना के लिए फ्रांस से 26 नेवल राफेल फाइटर जेट खरीदने के फैसले की जानकारी दी है. इसके तहत भारतीय नौसेना को फ्रांस की डसॉल्ट एविएशन से 26 नए आधुनिक राफेल लड़ाकू विमान मिलेंगे, जिन्हें विशेष रूप से नौसेना की आवश्यकताओं के अनुसार डिजाइन किया जाएगा। भारत में इन लड़ाकू विमानों के सफल परीक्षण के बाद सरकार ने इन विमानों की खरीद को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

ध्यान रहे कि यह पहली बार नहीं है कि कोई भारतीय प्रधान मंत्री फ्रांस के बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं। इससे पहले 2009 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। इसके अलावा भारत की सशस्त्र सेनाओं ने भी परेड में हिस्सा लिया।

Exit mobile version