Site icon ISCPress

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

मणिपुर: मणिपुर में उग्रवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को चुराचांदपुर जिले के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली। अभियान के दौरान एक अस्थायी उग्रवादी ठिकाने को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और सैन्य उपकरण बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, मणिपुर पुलिस और भारतीय सेना की 19 गढ़वाल राइफल्स ने के. थेनजांग गांव के जंगलों में संयुक्त अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर उग्रवादियों के अस्थायी कैंप को नष्ट कर दिया। इसके बाद वहां से बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों द्वारा बरामद सामग्री में एक AK-47 राइफल (मैगजीन सहित), एक पिस्तौल, दो सिंगल बैरल बंदूकें, दो देसी पिस्तौल, एक एयर गन, एक RPG गोला-बारूद, एक हैंड ग्रेनेड और पांच IED शामिल हैं।
इसके अलावा एक PEK विस्फोटक, तीन पम्पी, चार मोटोरोला हैंडहेल्ड वायरलेस सेट, दो चार्जर, चार बुलेटप्रूफ जैकेट और 44 खाली कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उग्रवाद विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा बलों का उद्देश्य उग्रवादी संगठनों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
गौरतलब है कि इससे पहले 12 जुलाई को सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान में प्रतिबंधित संगठन PREPAK के सक्रिय सदस्य निंगोमबम अमुथोई मेइतेई को इम्फाल पूर्वी जिले से गिरफ्तार किया था। आरोपी को लामलाई थाना क्षेत्र के योरबंग पंथोइबी लेइकाई इलाके से पकड़ा गया था। उसके कब्जे से आठ हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए थे।

Exit mobile version