Site icon ISCPress

मणिपुरः दो मैतेई छात्रों की क्रूर हत्याओं पर सुरक्षाबलों और छात्रों में हुई हिंसक झड़प

मणिपुरः दो मैतेई छात्रों की क्रूर हत्याओं पर सुरक्षाबलों और छात्रों में हुई हिंसक झड़प

6 जुलाई को लापता हुए दो मेइतेई छात्रों की क्रूर हत्याओं पर विरोध दर्ज कराने के लिए मंगलवार को हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों के साथ हुए ऐसे जघन्य अपराध का विरोध करते हुए वे सुबह करीब 11 बजे से ही सड़कों पर उतर आए थे। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं थे।

तस्वीरें वायरल होने के कुछ घंटों बाद इंफाल स्थित स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों ने हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन कर रही छात्रों की भीड़ पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया है। प्राप्त सूचना के मुताबिक इस झड़प में 40 से अधिक छात्र घायल हो गए हैं।

सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में ज्यादातर लड़कियां हैं। मणिपुर में 23 सितंबर को मोबाइल इंटरनेट पर से प्रतिबंध हटने के बाद इन दो छात्र-छात्राओं के शव की तस्वीरें सामने आयी थी। यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। इसमें दिखा था कि इन दोनों छात्र-छात्राओं का शव जमीन पर पड़ा है और लड़के का सिर कटा हुआ था।

हालांकि इन दोनों के शव अब तक नहीं मिले हैं। अंतिम बार ये दोनों एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखे थे। इसके बाद ये गायब हो गए थे। मणिपुर में इस तनाव के कारण सरकार ने स्कूलों को 27 से 29 सितंबर को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

इंडिया टुडे एनई की एक रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को मणिपुर पुलिस ने बताया कि जब सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को यहां मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर बढ़ने से रोकने की कोशिश की तो उनकी पुलिस से झड़प हो गई। घायल प्रदर्शनकारियों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया गया।

इससे पहले मंगलवार को 6 जुलाई को लापता हुए दो मेइतेई छात्रों की क्रूर हत्याओं पर विरोध दर्ज कराने के लिए हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों के साथ हुए ऐसे जघन्य अपराध का विरोध करते हुए वे सुबह करीब 11 बजे से ही सड़कों पर उतर आए थे। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं थे।

उन्होंने राजभवन और फिर सीएम बंगले की ओर बढ़ने की कोशिश की हालांकि, पुलिसकर्मियों ने उन्हें राजभवन से करीब 50 मीटर की दूरी से आगे बढ़ने से रोक दिया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस कर्मियों ने कई राउंड आंसू गैस और स्मोक बम दागे। प्रदर्शनकारियों ने हमें न्याय चाहिए, हम निर्दोष छात्रों की क्रूर हत्याओं की निंदा करते हैं और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दो जैसे नारे लगाते हुए आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया।

Exit mobile version