Site icon ISCPress

भारत की सलाह, फौरन ईरान छोड़ो, सफ़र से बचो

तेहरान : ईरान में लगातार बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक ईरान की यात्रा करने से बचें। वहीं, जो भारतीय नागरिक पहले से ईरान में मौजूद हैं, उन्हें उपलब्ध कमर्शियल उड़ानों के जरिए अस्थायी रूप से देश छोड़ने पर विचार करने की सलाह दी गई है।

दूतावास ने कहा कि यदि कोई भारतीय नागरिक ईरान में ही रहने का फैसला करता है, तो उसे अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। नागरिकों से कहा गया है कि वे स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर लगातार नजर रखें, सुरक्षा से जुड़े अपडेट लेते रहें और उन इलाकों में जाने से बचें जहां सैन्य गतिविधियां अधिक हैं, खासकर दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में।

भारतीय मिशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी भारतीय स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। साथ ही, जिन भारतीयों ने अभी तक तेहरान स्थित भारतीय दूतावास में अपना पंजीकरण नहीं कराया है, उनसे जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने और आगे की जानकारी के लिए दूतावास की आधिकारिक वेबसाइट व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और अस्थिरता के चलते ईरान की सुरक्षा स्थिति को लेकर नई चिंताएं सामने आई हैं। इसी पृष्ठभूमि में भारत ने एहतियातन यह एडवाइजरी जारी करते हुए अपने नागरिकों से सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।

Exit mobile version