एयर इंडिया को 22 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का घाटा
वित्त वर्ष 2025-26 में 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक का घाटा होने के बाद वित्तीय संकट से जूझ रही एयर इंडिया को संभालने के लिए टाटा समूह सक्रिय हो गया है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और नोएल टाटा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने गुरुवार को एयर इंडिया के गुरुग्राम स्थित कार्यालय का दौरा कर उसके कामकाज की समीक्षा की। वहीं, शुक्रवार को कंपनी के बोर्ड की बैठक में अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने और घाटा कम करने के लिए आवश्यक कदमों पर विचार किया गया। एयर इंडिया के खर्चों में कटौती करना इस समय कंपनी का प्रमुख लक्ष्य है।
प्रशिक्षण अकादमी का जायजा
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और नोएल टाटा गुरुग्राम स्थित एयर इंडिया के मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ बोर्ड के तीन अन्य सदस्य हरीश मनवानी, अनिता जॉर्ज और सौरभ अग्रवाल भी मौजूद थे। हालांकि, वेणु श्रीनिवासन इस अवसर पर उपस्थित नहीं हुए।इस दौरान उन्होंने एयरलाइन की प्रशिक्षण अकादमी और नियंत्रण केंद्र का निरीक्षण किया। एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने उन्हें कंपनी के मौजूदा कामकाज और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ तालमेल
शुक्रवार को हुई बैठक में मुख्य रूप से खर्चों में कटौती और कामकाज को अधिक व्यवस्थित तथा एकीकृत बनाने पर विचार किया गया। इस उद्देश्य से कंपनी ने अपनी प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया और कम लागत वाली विमान सेवा एयर इंडिया एक्सप्रेस के बीच तालमेल बढ़ाने पर विचार किया। दोनों एयरलाइनें अलग-अलग बजट वाले यात्रियों को सेवाएं प्रदान करती हैं।
खर्चों में कटौती के लिए विशेष टीम
इथियोपियन एयरलाइंस के अनुभवी अधिकारी टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने 1 अक्टूबर को कैंपबेल विल्सन की जगह एयर इंडिया के सीईओ का पद संभाला था। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने कामकाज में सुधार लाने और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया।
गेब्रेमारियम ने कर्मचारियों से जिम्मेदारी के साथ काम करने और गैर-जरूरी खर्चों को कम करने का आग्रह किया है। खर्चों में कटौती की संभावनाएं तलाशने के लिए कंपनी ने एक विशेष टीम भी गठित की है। इससे पहले 3 नवंबर को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़ाने और बड़े विमानों का बेहतर इस्तेमाल करने की योजना भी पेश की थी।
खर्चों में कटौती कैसे होगी?
- एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के बीच परिचालन एकीकरण के जरिए घाटे पर नियंत्रण पाने की कोशिश की जाएगी।
- दोनों एयरलाइन कंपनियों के कुछ विभागों और जिम्मेदारियों को एकीकृत करने पर विचार किया गया।
- घाटे में चलने वाले विमान मार्गों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, राजस्व बढ़ाने और ईंधन का अधिक कुशलता से इस्तेमाल करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
- सीईओ टेवोल्डे ने अधिक यात्री क्षमता वाले विमानों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया है।
- उनका कहना है कि एयर इंडिया को विदेशी एयरलाइन कंपनियों के मुकाबले अपना खोया हुआ बाजार हिस्सा फिर से हासिल करना होगा।
- बोर्ड ने इस योजना पर विचार किया है। संभावना है कि कुछ महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी जल्द ही कर्मचारियों को एक विशेष बैठक में दी जाएगी।

