अल-हुदैदा पर सऊदी अरब के हवाई हमले के बाद यमन का जवाबी हमला, जाज़ान में लगी आग
पश्चिमी यमन के अल-हुदैदा में कई धमाकों की खबरें सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ये विस्फोट सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों द्वारा अल-हुदैदा बंदरगाह पर किए गए हवाई हमलों के कारण हुए।
अंसारुल्लाह (हूती आंदोलन) से जुड़े मीडिया ने भी पुष्टि की है कि सऊदी विमानों ने अल-हुदैदा बंदरगाह को निशाना बनाया। इसके अलावा, अंसारुल्लाह समर्थक मीडिया का दावा है कि सऊदी लड़ाकू विमानों ने कामरान द्वीप पर भी हवाई हमला किया है।
दूसरी ओर, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने अल-हुदैदा बंदरगाह को निशाना बनाने से इनकार किया है। गठबंधन का कहना है कि उसके हवाई हमलों का लक्ष्य केवल अंसारुल्लाह के सैन्य ठिकाने थे, जो कथित तौर पर लाल सागर में व्यावसायिक जहाज़ों के लिए खतरा पैदा कर रहे थे। गठबंधन ने यह भी दावा किया कि अल-हुदैदा के सभी बंदरगाह समुद्री यातायात और व्यावसायिक जहाज़रानी के लिए खुले रहेंगे।
इसी बीच, अल-हुदैदा पर हुई बमबारी के जवाब में यमन ने सऊदी अरब पर मिसाइल और ड्रोन से जवाबी हमला किया। इन हमलों के बाद सऊदी अरब के जाज़ान क्षेत्र में कई स्थानों पर आग लगने की खबरें सामने आई हैं। वहीं, यनबु शहर में भी कई धमाकों की आवाज़ें सुनाई देने की रिपोर्टें प्रकाशित हुई हैं।
इन घटनाओं के बाद सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने संभावित ख़तरे और सुरक्षा जोखिम की आशंका को देखते हुए राष्ट्रीय त्वरित चेतावनी प्रणाली (National Early Warning System) के माध्यम से मदीना प्रांत, विशेष रूप से यनबु शहर, में चेतावनी जारी करने की घोषणा की है।

