हमने ईरान से पायलटों के मामले की जांच के लिए दोहा आने को कहा है: क़तर
क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने कहा कि, क़तर ने ईरान को आमंत्रित किया है कि वह गिराए गए लड़ाकू विमानों के मामले की जांच करने और जांच की प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए क़तर का दौरा करे।
ईरान ने दावा किया है कि उसके तीन पायलट क़तर की हिरासत में हैं। वहीं, क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने दावा किया कि, पायलटों की संख्या दो थी और उनमें से एक का शव 13 मार्च को बरामद कर ईरान को सौंप दिया गया था।
माजिद अल-अंसारी ने आगे दावा किया, “दुर्भाग्य से, ईरानी पक्ष ने तलाशी अभियान की जांच के लिए एक तकनीकी टीम भेजने के हमारे निमंत्रण का कोई जवाब नहीं दिया।”
क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने दावा किया, “ईरानी विमान, जिन्हें क़तर ने मार गिराया था, ‘घुसपैठिए’ थे और क़तरी बलों ने उनसे मुठभेड़ के नियमों के अनुसार कार्रवाई की।”
उन्होंने कहा, “दोहा यह नहीं समझता कि, ईरान ने इस मामले और घटना के समाप्त हुए छह महीने बीत जाने के बाद एक बार फिर पायलटों का मुद्दा क्यों उठाया है।” हालांकि, ईरानी पक्ष ने अभी तक इन दावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अपने बयान के एक अन्य हिस्से में कहा कि मध्यस्थ इस बात का इंतज़ार कर रहे हैं कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज़ जलडमरूमध्य को लेकर कोई समझौता हो जाए। इसके बाद ही ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता दोबारा शुरू हो सकेगी।

