अमेरिकी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता का बयान: रक्षामंत्री पीट हेगसेथ को पद छोड़ना चाहिए
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के अल्पमत नेता हकीम जेफ्रीज़ ने रविवार को ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिकी सैन्य आक्रमण और इसके अमेरिकी जनता पर पड़ने वाले दुष्परिणामों का हवाला देते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के महाभियोग का समर्थन किया।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के अल्पमत नेता ने रविवार को एबीसी न्यूज़ से बातचीत में कहा कि वह इस महाभियोग के प्रस्ताव से पूरी तरह सहमत हैं। एबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, हकीम जेफ्रीज़, जिनके भविष्य में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का अध्यक्ष बनने की संभावना जताई जा रही है, ने इस संबंध में कहा:
“मैं हेगसेथ के ख़िलाफ़ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव का पूरी तरह समर्थन करता हूं। तथाकथित रक्षामंत्री ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया है, हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को कमज़ोर किया है और ईरान के ख़िलाफ़ इस अनियंत्रित तथा बेहद महंगे चुनावी युद्ध की साज़िश रची है। इस युद्ध ने अमेरिकी जनता के लिए महंगाई को आसमान पर पहुंचा दिया है और देश को पहले से अधिक असुरक्षित बना दिया है। पीट हेगसेथ को अब अपने पद से हट जाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा,”मेरा मानना है कि इस प्रस्ताव को जबरदस्त समर्थन मिलने वाला है।”
इससे पहले केंटकी से रिपब्लिकन पार्टी के सांसद थॉमस मैसी, जो प्रतिनिधि सभा छोड़ने वाले हैं और कई बार डोनाल्ड ट्रंप के साथ सार्वजनिक रूप से टकराव में रह चुके हैं, ने एबीसी न्यूज़ को बताया था कि वह सोमवार को हेगसेथ के महाभियोग के लिए एक विशेष प्रस्ताव पेश करने जा रहे हैं।
इस प्रस्ताव को प्रतिनिधि सभा के सदन में पेश किए जाने के बाद सदन के नेताओं के लिए अनिवार्य होगा कि वे दो दिनों के भीतर इस पर मतदान की प्रक्रिया को कार्यसूची में शामिल करें। थॉमस मैसी के इस प्रस्ताव में पीट हेगसेथ के ख़िलाफ़ महाभियोग के आठ आधार शामिल किए गए हैं। इसमें रक्षामंत्री पर वर्ष 1973 के युद्ध शक्तियां अधिनियम (War Powers Act) का उल्लंघन करने सहित कई अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब तक पीट हेगसेथ का बचाव करते रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि हेगसेथ ने “बेहतरीन काम किया है।” हालांकि, विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में यह संभावना जताई जा रही है कि, ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध और चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सहयोगियों को मिली हार के कारण पीट हेगसेथ को इसकी राजनीतिक क़ीमत चुकानी पड़ सकती है और उन्हें पद से हटाया जा सकता है।
गुरुवार को पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के माध्यम से अपना बचाव किया।
उन्होंने कहा:
“कांग्रेस का एक असंतुष्ट और असफल सदस्य अपने सभी डेमोक्रेटिक सहयोगियों के साथ मिलकर मेरे ख़िलाफ़ महाभियोग के हास्यास्पद आरोप पेश कर रहा है। ठीक उसी तरह, जैसे उन्होंने दो बार राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ ऐसा करने की कोशिश की थी। यह सब चरित्र हनन की राजनीति है। यह अभियान राष्ट्रपति ट्रंप के ख़िलाफ़ सफल नहीं हुआ और न ही मेरे ख़िलाफ़ सफल होगा।”

