अल-जूलानी, हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ कार्रवाई करना चाहता है: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि, सीरियाई विद्रोही सरकार का सरग़ना, अल-जूलानी लंबे समय से हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ लड़ रहा है। मुझे लगता है कि यह काफी प्रभावी क़दम है और मैं इस विषय पर विचार कर रहा हूँ।
इस्राईली चैनल का दावा: अल-जूलानी के लड़ाके हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ अभियान की तैयारी में
उधर, एक इस्राईली टीवी चैनल ‘कान’ ने अपनी रिपोर्ट में एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि अल-जूलानी के नेतृत्व वाली स्वयंभू सरकार, सार्वजनिक रूप से अलग रुख दिखाने के बावजूद, हिज़्बुल्लाह के खिलाफ सैन्य अभियान की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, दमिश्क़ में मौजूद प्रशासन इस संबंध में सैन्य तैयारियों पर काम कर रहा है।
ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर फिर दी खुली धमकी
डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान किसी नए परमाणु केंद्र का निर्माण करता है या अपने परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की कोशिश करता है, तो अमेरिका उस पर बिना किसी हिचकिचाहट के हमला करेगा।
ट्रंप ने कहा,
“हम ईरान के किसी भी नए परमाणु स्थल पर 100 प्रतिशत हमला करेंगे। वे एक और परमाणु स्थल को फिर से तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं और हम उसी स्थान को दोबारा निशाना बनाएंगे। जहाँ भी परमाणु कार्यक्रम चलाने की कोशिश होगी, हम उसे पूरी ताक़त से नष्ट कर देंगे।”
ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ है और परमाणु गतिविधियों को लेकर अमेरिका तथा ईरान के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

