Site icon ISCPress

सऊदी अरब का यमन के सअदा क्षेत्र में मिसाइल हमला

सऊदी अरब का यमन के सअदा क्षेत्र में मिसाइल हमला

स्थानीय सूत्रों ने आज शनिवार को सऊदी अरब की ओर से सीमावर्ती इलाकों पर लगातार हमले किए जाने की जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि सऊदी मिसाइलों ने सअदा प्रांत के मरान ज़िले के अंतर्गत आने वाले अल-बक़आ क्षेत्र को निशाना बनाया। रिपोर्टों के मुताबिक, इस ज़िले पर आज सुबह सऊदी लड़ाकू विमानों ने पांच बार हवाई हमले किए। इन हमलों में शहरी बुनियादी ढांचे और नागरिक सड़क निर्माण उपकरणों को निशाना बनाया गया।

यमन के टेलीविजन चैनल अल-मसीरा के संवाददाता के अनुसार, इसी दौरान सीमावर्ती जिले शदा में सऊदी बलों की गोलीबारी में एक अन्य यमनी नागरिक घायल हो गया। अल-मसीरा ने इस व्यक्ति को इन घटनाओं में घायल होने वाला तीसरा नागरिक बताया है।

ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं, जब यमन के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सऊदी अरब के हमलों में मानवीय क्षति लगातार बढ़ रही है। मंत्रालय के बयान के मुताबिक, हमलों के तेज़ होने के चरण की शुरुआत से लेकर 6 नवंबर 2026 तक सऊदी अरब के हमलों में मारे गए और घायल हुए नागरिकों की कुल संख्या 981 पहुंच गई है। इनमें 306 लोगों की मौत हुई है, जबकि 675 लोग घायल हुए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान यमन पर सऊदी अरब के हमलों में तीन बच्चों समेत 30 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक बच्चे समेत 21 अन्य लोग घायल हुए हैं।

इसी सिलसिले में यमन के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता याह्या सरीअ ने बीती रात घोषणा की कि, सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों और सैन्य बलों ने पिछले 24 घंटों के दौरान यमन के विभिन्न इलाकों पर 67 हवाई और मिसाइल हमले किए हैं। यमन के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता के अनुसार, इन हमलों को मिलाकर यमन के ख़िलाफ़ हमलों के मौजूदा तेज चरण की शुरुआत से अब तक सऊदी अरब के कुल हवाई और मिसाइल हमलों की संख्या 4,264 हो गई है।

Exit mobile version