Site icon ISCPress

लेबनान की सेना प्रमुख का दो टूक ऐलान: इस्राईल का क़ब्ज़ा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं

लेबनान की सेना प्रमुख का दो टूक ऐलान: इस्राईल का क़ब्ज़ा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं

लेबनान की सेना प्रमुख रूडोल्फ हायकल ने शनिवार को दक्षिणी लितानी क्षेत्र में तैनात सैनिकों से मुलाक़ात के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि, लेबनान की धरती का एक-एक इंच उसके लोगों का है और देश के किसी भी हिस्से पर इस्राईल का क़ब्ज़ा कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, लेबनानी सेना अपनी भूमि और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

हायकल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब इस्राईल लगातार लेबनानी क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई और सीमा उल्लंघन जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि, क़ब्ज़े और आक्रामकता के सामने झुकना लेबनान के राष्ट्रीय हितों के विरुद्ध है और देश, अपने वैध अधिकारों से पीछे नहीं हटेगा।

सेना प्रमुख ने शहीदों और घायलों की क़ुर्बानियों को नमन करते हुए कहा कि, उनका बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा और सेना हर परिस्थिति में लेबनानी जनता के साथ खड़ी रहेगी।

इस बीच, राष्ट्रपति जोसफ़ औन की नीतियों को लेकर भी राजनीतिक हलकों में आलोचना तेज़ हो रही है। आलोचकों का कहना है कि, इस्राईल के लगातार हमलों और क़ब्ज़े के बावजूद उनकी सरकार पर्याप्त कठोर रुख अपनाने में विफल रही है। उनका मानना है कि, केवल कूटनीतिक बयान पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के लिए अधिक दृढ़ और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

Exit mobile version