Site icon ISCPress

हैती के राष्ट्रपति की घर में घुस कर हत्या, पत्नी को भी गोली मारी

हैती के राष्ट्रपति की घर में घुस कर हत्या, पत्नी को भी गोली मारी  कई बार हत्या के असफल प्रयास में बच जाने वाले राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की हत्या कर दी गई है।

हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की हत्या कर दी गई है। हैती के अंतरिम प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की हत्या की जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रपति की हत्या उनके निजी आवास पर की गई है।

अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ ने कहा है कि यह घातक हमला बुधवार की सुबह हुआ है। उन्होंने बताया, ‘कुछ अज्ञात लोगों ने राष्ट्रपति के निजी आवास में जाकर उनपर हमला कर दिया। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए। इन अज्ञात लोगों में से कुछ स्पैनिश भाषा बोल रहे थे।

कार्यकारी प्रधानमंत्री जोसेफ ने बताया कि राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की पत्नी एवं देश की प्रथम महिला को भी गोली मारी गई है लेकिन इस हमले में उनकी जान बच गई। अंतरिम पीएम ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे ‘घिनौना, अमानवीय और बर्बर कृत्य’ बताया है।

जोसेफ ने देश की जनता से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ‘देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी तरह के उपाय किए गए हैं। लोकतंत्र और गणतंत्र की जीत होगी। इस घटना के बाद से देशभर के लोग हैरान हैं। लोग सोशल मीडिया पर मोइस को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की पत्नी की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए हैती के अधिकारियों ने कहा कि देश की प्रथम महिला इस समय अस्पताल में भर्ती हैं। यह हत्या देश में राजनीतिक अस्थिरता के हालात के बीच हुई है। इससे पहले साल की शुरुआत में हैती में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए थे।

मोइस की राष्ट्रपति पद की वैधता को लेकर हजारों की संख्या में लोग फरवरी महीने में सड़कों पर उतर आए थे। हैती के विपक्ष ने कहा था कि मोइस के पांच साल के कार्यकाल का अंत इसी साल हो जाना चाहिए था लेकिन इस पर जोवेनल मोइस ने कहा था कि वह एक साल और पद पर रहेंगे।

राष्ट्रपति जोवेनल मोइस पर इस से पहले भी जान लेवा हमला हो चुका था। उनकी हत्या करने की कोशिश पहले भी हुई थी जिसके बारे में उन्होंने खुद जानकारी दी थी।

जोवेनल मोइस ने कहा था कि उनकी हत्या करने के लिए साजिश रची गई थी, जिसे उनकी सुरक्षा एजेंसियों ने फरवरी में ही नाकाम कर दिया। उन्होंने बताया था, ‘मैं पैलेस के अपने सुरक्षा प्रमुख को धन्यवाद कहता हूं। इन लोगों का उद्देश्य मेरी जिदंगी लेना था… वो योजना विफल कर दी गई।

Exit mobile version