फीफा वर्ल्ड कप फ़ाइनल में स्पेन की जीत के साथ ही दुनिया भर में ज़ायोनी शासन को लेकर एक बार फिर आलोचना तेज़ हो गई है।
इसी क्रम में इस्राईल की संसद (कनेसेट) के अरब सांसद अयमान ओदेह ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में स्पेन से अर्जेंटीना की हार के बाद इस्राईल सरकार पर तंज कसा।
फिलिस्तीनी मीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अयमान ओदेह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, मंत्री इतमार बेन गवीर और बेजालेल स्मोट्रिच की अर्जेंटीना का समर्थन करते हुए तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, “मनहूस कैबिनेट!”
रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल से पहले नेतन्याहू ने इस्राईल में अर्जेंटीना के राजदूत से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्हें अर्जेंटीना की टीम की जर्सी भेंट की गई और उन्होंने अर्जेंटीना का समर्थन जताया था।
वहीं, मंत्री इतमार बेन गवीर ने एक वीडियो संदेश में लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना की जीत की कामना की थी। मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच ने भी कहा था कि हर देशभक्त इस्राईली अर्जेंटीना का समर्थन करता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस्राईल के नेताओं का यह समर्थन सिर्फ खेल तक सीमित नहीं था, बल्कि अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई और इस्राईल के बीच करीबी संबंधों का भी संकेत था।

