Site icon ISCPress

अमेरिका का लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर दक्षिण चीन सागर में दुर्घटनाग्रस्त

अमेरिका का लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर दक्षिण चीन सागर में दुर्घटनाग्रस्त

दक्षिण चीन सागर में अमेरिका की सैन्य उपस्थिति के बीच एक गंभीर घटना सामने आई है। अमेरिकी नौसेना ने पुष्टि की है कि, दो अलग-अलग घटनाओं में इस क्षेत्र में एक एफ-18 लड़ाकू विमान और एक सिकोर्स्की सीहॉक हेलीकॉप्टर समुद्र में गिर गए।

अमेरिकी नौसेना के अनुसार, दोनों दुर्घटनाएँ “सामान्य ऑपरेशन” के दौरान हुईं। हेलीकॉप्टर स्थानीय समयानुसार रविवार को लगभग 14:45 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ, और इसके तीनों क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके कुछ ही मिनट बाद, एफ-18 सुपर हॉर्नेट लड़ाकू विमान भी इसी क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान गिर गया। इस विमान के दो क्रू मेंबर्स को अमेरिकी सेना की रेस्क्यू टीम ने बचा लिया।

अमेरिकी प्रशांत महासागर बेड़े ने बताया कि सभी क्रू मेंबर्स स्थिर और सुरक्षित स्थिति में हैं। वर्तमान में इन घटनाओं के कारणों की जांच चल रही है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब वाशिंगटन और बीजिंग के बीच दक्षिण चीन सागर के क्षेत्रीय विवादों को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिका ने पिछले कई वर्षों में इस क्षेत्र में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है, जिसका हवाला वह पेकिंग और क्षेत्रीय विवादों के बहाने देता रहा है।

विश्लेषकों का कहना है कि, यह दुर्घटना अमेरिका के लिए एक तकनीकी और सामरिक चुनौती पेश कर सकती है, क्योंकि क्षेत्र में उसके निरंतर सैन्य अभियान और अभ्यास कार्यक्रम जारी हैं। हालांकि, किसी भी हताहत या गंभीर चोट की खबर नहीं है, जिससे यह माना जा रहा है कि, अमेरिकी सुरक्षा और बचाव तंत्र प्रभावी रूप से काम कर रहे हैं।

दक्षिण चीन सागर, जो रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, पिछले कुछ वर्षों से अमेरिका और चीन के बीच तनाव का मुख्य केंद्र रहा है। ऐसे में अमेरिका की इस सैन्य दुर्घटना ने क्षेत्रीय सुरक्षा और तनाव के मामलों पर नई बहस को जन्म दे दिया है।

अमेरिकी नौसेना ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और जल्द ही इसके कारणों के बारे में आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। इस बीच, क्षेत्र में अमेरिका की सैन्य उपस्थिति और गतिविधियाँ लगातार निगरानी में रखी जा रही हैं।

Exit mobile version